इंदौरः संभागायुक्त ने आईडीए की टीपीएस-1 और टीपीएस-5 सहित बावड़ी का किया निरीक्षण
- समयसीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने पर आईडीए के योजना कार्यपालन यंत्री का 15 दिन एवं कार्यपालन यंत्री (विद्युत) का 10 दिन का वेतन काटने के दिए निर्देश
इंदौर, 25 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने शुक्रवार को शहर के लवकुश चौराहा स्थित निर्माणाधीन डबल लेयर फ्लाईओव्हर ब्रिज की दूसरी भुजा, टीपीएस-01 और टीपीएस-5 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ब्रिज निर्माण संबंधी एजेंसी के अधिकारियों और इंजीनियर्स से निर्माण कार्यों की जानकारी प्राप्त की, साथ ही निर्माणाधीन कार्यों की प्रोजेक्ट और ड्राइंग रिपोर्ट देखीं। निरीक्षण के दौरान इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, इंजीनियर्स, नगर नियोजक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
संभागायुक्त लाक्षाकार ने लवकुश चौराहा स्थित निर्माणाधीन डबल लेयर फ्लाईओव्हर ब्रिज की दूसरी भुजा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लवकुश फ्लाय ओव्हर लेवल-2 के संबंध में पूर्व में योजना कार्यपालन यंत्री द्वारा कार्य पूर्ण करने की समयसीमा 15 सितम्बर 2026 बताई गई थी, किन्तु निर्धारित दिनांक से 10 दिन पश्चात मौका निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लेवल-2 ब्रिज का कार्य अपूर्ण है। इस संबंध में आईडीए के योजना कार्यपालन यंत्री राजीव सक्सेना एवं कार्यपालन यंत्री (विद्युत) राकेश अखण्ड द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण संतोषप्रद नहीं होने से कार्यपालन यंत्री राजीव सक्सेना का 15 दिन एवं राकेश अखण्ड का 10 दिन का वेतन कटौती के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को लवकुश चौराहा स्थित डबल लेयर फ्लाईओव्हर ब्रिज की दूसरी भुजा का कार्य आगामी 5 अक्टूबर 2026 तक गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होने निर्देश दिए कि आवश्यकता होने पर संसाधन बढ़ाये जाये। साथ ही सर्विस रोड़ को भी समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त लाक्षाकार ने कहा कि ब्रिज की दूसरी भुजा का कार्य पूर्ण होने से आम नागरिकों का आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा।
संभागायुक्त लाक्षाकार ने अधिकारियों के साथ स्टार सिटी चौराहा स्थित आईडीए की टीपीएस-1 एवं बायपास कनाड़िया स्थित टीपीएस-5 में हो विकास कार्यों का मौका निरीक्षण कर और प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी प्राप्त की। संबंधित कार्यपालन यंत्री एवं संबंधित कंपनी को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये गये। इन दोनों योजना में सड़क निर्माण सहित स्टार्म वॉटर लाइन, आंतरिक रोड़ आदि के निर्माण कार्यों में तेजी लाये। संभागायुक्त लाक्षाकार ने अधिकारियों के साथ कनाड़िया स्थित वर्षों पुरानी बावड़ी का भी निरीक्षण किया और सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्त टी.पी.एस. योजनाओं में आ रही बाधाओं का निराकरण शीघ्र करवाये जाने के संबंध में भी निर्देश दिये गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

