इंदौरः कलेक्टर वर्मा ने बाल संरक्षण आश्रम में बच्चों के साथ मनाई दीपावली, बांटी खुशियां और उपहार

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः कलेक्टर वर्मा ने बाल संरक्षण आश्रम में बच्चों के साथ मनाई दीपावली, बांटी खुशियां और उपहार


- बच्चों के बीच दीपावली मनाना सुखद अनुभूति, बच्चे ही देश का उज्ज्वल भविष्य: कलेक्टर वर्मा

इंदौर, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार को दीपावली के पावन पर्व पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने शासकीय बाल संरक्षण आश्रम पहुंचकर वहां निवासरत बच्चों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कलेक्टर ने बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें पर्व की खुशियों में सहभागी बनाया और उपहार, नए वस्त्र एवं मिठाइयां वितरित कीं।

कलेक्टर वर्मा ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया, उनकी कुशलक्षेम जानी और उनके साथ समय बिताया। उपहार और मिठाइयां पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। पूरे आश्रम में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। कलेक्टर ने बच्चों के साथ मिठाइयां साझा कीं तथा दीपावली के अवसर पर उनके साथ आतिशबाजी भी की।

इस अवसर पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। इन बच्चों को खुश देखकर मन में प्रसन्नता होती है और विश्वास मजबूत होता है कि देश का भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि उनका हमेशा प्रयास रहता है कि सभी त्योहार और पर्व बच्चों के साथ मनाए जाएं, ताकि बाल संरक्षण आश्रम में निवासरत बच्चों को भी परिवार जैसा अपनत्व और खुशियाँ मिल सके।

उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ भारतीय त्योहारों, परंपराओं और संस्कृति से परिचित कराना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से आश्रम में सभी त्योहार पूरे उत्साह और परंपरागत तरीके से मनाए जाते हैं। बच्चों का उत्साह और उनकी मुस्कान इन आयोजनों को और भी खास बना देती है। कलेक्टर वर्मा ने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चे आगे बढ़ें, जीवन में सफलता प्राप्त करें और देश के विकास में अपना योगदान दें, यही हम सभी की कामना है। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति तथा अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774014 Articles

Share this story