इंदौरः राजस्व शिविरों में नागरिकों को मिला राजस्व संबंधित समस्याओं का तत्काल निराकरण

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः राजस्व शिविरों में नागरिकों को मिला राजस्व संबंधित समस्याओं का तत्काल निराकरण


- नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, रास्ता संबंधी विवाद, अभिलेखों में त्रुटि सुधार आदि के कुल 192 राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण

इंदौर, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिला प्रशासन द्वारा अभिनव पहल करते हुए राजस्व निरीक्षक वृत्त स्तर पर विशेष राजस्व जनकल्याण शिविरों शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गांव में ही राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा वर्षों से लंबित प्रकरणों का भी प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

इसी क्रम में शुक्रवार को जिले की हातोद तहसील के ग्राम सुमठा, खुडैल तहसील के खुड़ैल खुर्द तथा महू तहसील के मानपुर में राजस्व जनकल्याण शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत की। शिविर में प्राप्त अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविरों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, रास्ता संबंधी विवाद, अभिलेखों में त्रुटि सुधार आदि के 190 से अधिक राजस्व प्रकरणों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण किया गया।

खुड़ैल खुर्द में लगा राजस्व शिविर, 65 प्रकरणों का मौके पर निराकरण

इंदौर जिले की खुड़ैल तहसील अंतर्गत राजस्व निरीक्षक वृत खुड़ैल खुर्द के तहसील कार्यालय में बहुउद्देशीय राजस्व शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याओं का मौके पर ही त्वरित एवं प्रभावी समाधान कर उन्हें आवश्यक राजस्व अभिलेखों की नकल तत्काल उपलब्ध कराई गई। शिविर में नामांतरण के 20, सीमांकन के 25, बंटवारा का एक, बटांकन के 3 तथा इंद्राज दुरुस्ती के 4 प्रकरणों सहित कुल 65 राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया। इसके अलावा आरबीसी प्रकरण के तहत 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर हितग्राही को लाभान्वित किया गया तथा 11 जाति प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।

राजस्व सेवाओं के साथ-साथ ग्रामीणों की सुविधा के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य परामर्श शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान प्राप्त विभिन्न सीएम हेल्पलाइन शिकायतों एवं अन्य राजस्व संबंधी आवेदनों पर भी संबंधित अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई कर आवश्यक निराकरण सुनिश्चित किया। मौके पर ही समस्याओं का समाधान होने पर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राहुल गुप्ता ने ग्राम में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया। शिविर में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राहुल गुप्ता , तहसीलदार प्रीति भिसे, अपर तहसीलदार योगेश मेश्राम, राजस्व निरीक्षक, पटवारीगण, अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सुमठा में राजस्व शिविर आयोजित, एसडीएम एवं तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर रास्ते का विवाद सुलझाया

इंदौर जिले की हातोद तहसील के ग्राम पंचायत सुमठा में शुक्रवार को राजस्व शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लगभग 300 किसानों ने भाग लिया। शिविर में एसडीएम राजेश कुमार सिंह, तहसीलदार गोविंद सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह चौहान सहित राजस्व अमला एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शिविर में राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण करते हुए कुल 43 प्रकरणों का निपटारा किया गया। इनमें इंद्राज दुरुस्ती, अपील, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन तथा अन्य राजस्व प्रकरण शामिल रहे। निराकृत प्रकरणों की आदेश प्रतियां संबंधित किसानों को मौके पर ही प्रदान की गईं। इसके अलावा दो रास्ता विवादों में स्थल निरीक्षण किया गया तथा छह सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया गया। किसानों की ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री का कार्य भी संपादित किया गया। शिविर के दौरान ग्राम सुमठा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए। समापन पर आयोजन स्थल एवं आंगनवाड़ी परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

मानपुर के ग्राम पंचायत राजपुरा कुटी में हुआ राजस्व शिविर आयोजित, ग्रामीणों को मिला त्वरित न्याय

इसी तरह मानपुर तहसील के डॉ. अंबेडकर नगर महू की ग्राम पंचायत राजपुरा कुटी में शुक्रवार को राजस्व शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान नामांतरण 35 बटवारा 15 नक्शा तरमीम 04 सीमांकन 25 अभिलेख सुधार 05 प्रकरणों का निराकरण कर ग्रामीणजनों को खसरा खतौनी और आदेश प्रदान किए गए। किसानों की फार्मर आईडी भी बनाई गई। साथ ही नवीन आवेदन पत्र भी प्राप्त किए गए। ग्रामीणों एवं कृषको को पौधे भी भेंट किए गए एवं संकल्प दिलाया कि वह उसे पौधे को अपने घर में लगाएंगे और उसकी रक्षा भी करेंगे| इस प्रकार सभी की उपस्थिति में राजस्व शिविर संपन्न हुआ। इस दौरान विधायक उषा ठाकुर, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, एस.डी.एम राकेश परमार, तहसीलदार दिलीप कुमार द्विवेदी एवं समस्त पटवारीगण, सरपंच राजपुराकुटी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story