इंदौरः उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन, घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
- ठंडे जलकुंडों में खड़े होकर व्रतियों ने की सूर्य उपासना, छठ गीतों से गूंजे शहर के घाट
इंदौर, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का श्रद्धा, उल्लास और भावुकता के बीच समापन हुआ।
शहर के विभिन्न छठ घाटों पर तड़के चार बजे से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जैसे-जैसे सूर्योदय की बेला नजदीक आई, ठंडे पानी से भरे जलकुंडों में खड़े व्रतियों ने फल, ठेकुआ और पारंपरिक प्रसाद से सजी बांस की टोकरी हाथों में लेकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। दूध और गंगाजल से सूर्यदेव का अभिषेक कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
छठ गीतों की मधुर स्वर लहरियों और सूर्य उपासना के मंत्रों से सभी घाटों का वातावरण भक्तिमय हो उठा। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने जलकुंडों से बाहर आकर सुहागिन महिलाओं को सिंदूर लगाया तथा ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद वितरित किया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दरभंगा निवासी ऊषा झा साष्टांग दंडवत करते हुए छठ घाट पहुंचीं। उनकी यह कठिन साधना श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान मध्य प्रदेश के महासचिव केके झा ने बताया कि शहर के विभिन्न छठ घाटों पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय अनुष्ठान पूर्ण किया। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने स्थानीय पार्षद सुरेश कुड़वारे के साथ निपानिया स्थित समर पार्क छठ घाट पर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया, वहीं सांसद शंकर लालवानी ने विजय नगर छठ घाट पर पूजा-अर्चना की।
संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह ने कहा कि इस वर्ष छठ महापर्व में पूर्वांचलवासियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। यह इस बात का प्रमाण है कि छठ अब केवल बिहार और पूर्वांचल के लोगों का पर्व नहीं, बल्कि इंदौर की साझा सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक बनता जा रहा है।
उगते सूर्य को अंतिम अर्घ्य देने के साथ ही चार दिनों की कठिन साधना पूरी हुई। घाटों पर एक-दूसरे को विदाई देते श्रद्धालुओं की आंखों में संतोष, श्रद्धा और अगले वर्ष फिर इसी उत्साह से मिलने की उम्मीद झलक रही थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

