इंदौरः जमीन का सीमांकन कराने मांगी 2.50 लाख की रिश्वत
- सांवेर एसडीएम कार्यालय का बाबू लोकायुक्त के शिकंजे में
इंदौर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में पुश्तैनी जमीन का सीमांकन कराने के एवज में ढाई लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त पुलिस ने सांवेर एसडीएम कार्यालय में पदस्थ बाबू मनीष के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायत की जांच और रिश्वत मांगने के आरोप का सत्यापन करने के बाद शुक्रवार को यह कार्रवाई की गई। जमीन के सीमांकन और अवैध कब्जा हटाने के लिए परिवार करीब एक साल से सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहा था।
पिता की मौत के बाद मां के नाम दर्ज हुई जमीन
लोकायुक्त एसपी डॉ. राजेश सहाय के मुताबिक, देपालपुर तहसील के ग्राम उजालिया निवासी राहुल कुमावत ने इस संबंध में शिकायत की थी। उनकी पुश्तैनी जमीन सांवेर तहसील के ग्राम हरियाखेड़ी में स्थित है। पिता की मृत्यु के बाद जमीन उनकी मां कमलाबाई कुमावत के नाम दर्ज है। परिवार ने जमीन का सीमांकन कराने और उस पर हुए अवैध कब्जे हटवाने के लिए करीब एक साल पहले आवेदन दिया था, लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी।
कार्रवाई के बदले मांगे ढाई लाख रुपये
शिकायतकर्ता 31 अगस्त 2026 को सीमांकन के संबंध में जानकारी लेने सांवेर एसडीएम कार्यालय पहुंचा था। वहां उसकी मुलाकात कार्यालय में पदस्थ बाबू मनीष से हुई। आरोप है कि बाबू ने सीमांकन की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले 2.50 लाख रुपए की मांग की।
शिकायत के सत्यापन के बाद केस दर्ज
राहुल कुमावत ने 2 सितंबर 2026 को इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में लिखित शिकायत दी थी। लोकायुक्त एसपी डॉ. राजेश सहाय के निर्देश पर इसकी जांच और सत्यापन कराया गया। रिश्वत मांगने से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद 27 नवंबर को आरोपी बाबू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7(क) के तहत अपराध दर्ज किया गया। लोकायुक्त पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

