इंदौर में प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, एक-दूसरे पर फेंके पत्थर-टमाटर-संतरे

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, एक-दूसरे पर फेंके पत्थर-टमाटर-संतरे


इंदौर में प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, एक-दूसरे पर फेंके पत्थर-टमाटर-संतरे


- पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता रोका, वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल

इंदौर, 21 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान हालात बेकाबू हो गए। मौके पर पहले से तैनात पुलिस ने दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शन उग्र हो गया और दोनों ओर से हंगामे की स्थिति बन गई। कांग्रेस और भाजयुमो के कार्यकर्ताओं के बीच एक-दूसरे पर पथराव हुआ। इस दौरान पानी की बोतलें, तेल की थैलियां, पत्थर के साथ-साथ संतरे और टमाटर भी फेंके गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ काबू करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।

दरअसल, दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने के लिए गांधी भवन पहुंचे। यहां पहले से तैनात पुलिस बल ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों ओर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और भाजयुमो के कार्यकर्ताओं के बीच आमना-सामना हो गया। तभी अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे प्रदर्शन उग्र हो गया और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के ओर से पत्थर के साथ ही पानी की बोतलें, तेल की थैलियां, पत्थर, संतरे और टमाटर तक एक-दूसरे पर फेंके गए। इस दौरान कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल पर कवरेज करने पहुंचे कुछ मीडियाकर्मी भी पथराव की चपेट में आ गए। पथराव के बीच सब इंस्पेक्टर आरएस बघेल भी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनके सीने के पास एक बड़ा पत्थर लगा, जिसके बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया है। इस दौरान भाजपा की महिला कार्यकर्ता नेत्री बिंदू चौहान को भी गंभीर चोट आई है, उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

हालांकि, पुलिस ने स्थिति संभाली और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को पीछे धकेला। दंगा नियंत्रक वाहन वज्र भी तैनात था और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का उपयोग किया गया, लेकिन पानी का प्रेशर कम होने के कारण यह प्रभावी नहीं हुआ। इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ता पढ़रीनाथ थाने का घेराव करने पहुंचे और कांग्रेसजनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराने की मांग की।

भाजपा विधायक गोलू शुक्ला ने घटना के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि युवा मोर्चा के नेता प्रदर्शन कर रहे थे, उन पर कांग्रेसियों ने पथराव किया। इसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। भाजपा नेता सुमित मिश्रा ने कहा कि कांग्रेसी पहले से हमले की तैयारी कर बैठे थे। हमारी एक नेत्री के सिर में आठ टांके आए हैं। वहीं, कांग्रेस नेता अमन बजाज ने बताया कि हमारे आठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायल हुए हैं। जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और महिला मोर्चा अध्यक्ष सोनिला मिमरोट भी चोटिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story