इंदौरः भिक्षावृत्ति मुक्त इंदौर अभियान तेज, विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी कर आठ भिक्षुकों को किया रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः भिक्षावृत्ति मुक्त इंदौर अभियान तेज, विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी कर आठ भिक्षुकों को किया रेस्क्यू


इंदौर, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में दीपावली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में भिक्षावृत्ति मुक्त इंदौर अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू किया गया है। अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभागीय दल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर भिक्षावृत्ति में संलग्न व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी रजनीश सिन्हा ने शनिवार को बताया कि अभियान के तहत गठित दल द्वारा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण एवं निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में दल द्वारा मिल क्षेत्र से होते हुए परदेशीपुरा एवं पाटनीपुरा क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान मार्ग में आने वाले शनि मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर भी सर्चिंग की गई। अभियान के दौरान कुल 8 भिक्षुकों को रेस्क्यू किया गया।

उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ने के मद्देनजर अभियान के तहत विशेष सतर्कता बरती जा रही है। शहर को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने के लिए विभागीय टीम द्वारा लगातार निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774014 Articles

Share this story