इंदौरः कॉपी-किताबों की मोनोपाली पर डेजी डेल्स स्कूल और इंदौर बुक वाला पर कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः कॉपी-किताबों की मोनोपाली पर डेजी डेल्स स्कूल और इंदौर बुक वाला पर कार्रवाई


इंदौरः कॉपी-किताबों की मोनोपाली पर डेजी डेल्स स्कूल और इंदौर बुक वाला पर कार्रवाई


- स्कूल संचालक और स्टेशनरी संचालक के विरूद्ध विजय नगर थाने में एफआईआर दर्ज

इंदौर, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में स्कूली कॉपी-किताबों एवं यूनिफॉर्म के संबंध में होने वाली मोनोपोली को समाप्त करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इसी सिलसिले में शनिवार को स्कूली कॉपी-किताबों की मोनोपाली पर स्कीम नंबर 78 विजय नगर स्थित डेजी डेल्स स्कूल और बाम्बे हॉस्पीटल प्रिंसेस रेसीडेंसी विजय नगर स्थित इंदौर बुक वाला पर भी कार्रवाई करते हुए इनके संचालकों के ‍विरूद्ध ‍विजय नगर थाने में एफआईआर दर्ज करायी गई है।

जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन को शिकायत प्राप्त हुई थी कि डेजी डेल्स स्कूल द्वारा बुक्स एक ही दुकान से खरीदने को कहा जा रहा है और बुक्स एक ही दुकान केवल इंदौर बुक वाला पर ‍ही मिल रही हैं। ‍स्कूल द्वारा बतायी गई किताबें मार्केट में उपलब्ध नहीं हैं एवं सिर्फ इंदौर बुक वाला पर ही ‍मिल रही हैं।

उक्त शिकायत की गठित जाँच दल द्वारा जाँच करने पर शिकायत सही पायी गई। यह कृत्य कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत जारी आदेश का उल्लंघन पाया गया। साथ ही संबंधित स्कूल संचालक एवं स्टेशनरी संचालक द्वारा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 का भी उल्लंघन किया गया। उक्त तथ्यों के आधार पर डेजी डेल्स स्कूल संचालक और इंदौर बुक वाला के संचालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर प्रकरण को विवेचना में लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story