इंदौरः अभिलाषा अभियान के तहत जिले के सभी 114 छात्रावासों का होगा नियमित निरीक्षण
अधिकारी अभिभावक की तरह विद्यार्थियों से करें संवाद, उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता से करें निराकरण- कलेक्टर
इंदौर, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में जिले में 'अभिलाषा अभियान' प्रारंभ किया है। अभियान के तहत जिले के सभी 114 छात्रावासों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए जिला अधिकारियों को निरीक्षणकर्ता के रूप में दायित्व सौंपे गए हैं। अधिकारी निर्धारित बिंदुओं के आधार पर छात्रावासों का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट ऑनलाइन प्रस्तुत करेंगे।
यह जानकारी शनिवार को इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में दी। कार्यशाला में निरीक्षणकर्ता अधिकारियों एवं छात्रावास अधीक्षकों को अभियान के उद्देश्यों, निरीक्षण प्रक्रिया तथा व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि अधिकारी छात्रावासों में विद्यार्थियों से नियमित संवाद करें, उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को संवेदनशीलता से सुनें तथा उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी व्यक्तिगत समस्याओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी विद्यार्थियों से अभिभावक की तरह संवाद करें और ऐसी व्यवस्थाएं विकसित करें, जिससे घर से दूर रहकर भी बच्चों को छात्रावास में घर जैसा वातावरण और अपनत्व का अनुभव हो।
विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना अभियान का मुख्य उद्देश्य
बताया गया कि 'अभिलाषा अभियान' कलेक्टर शिवम वर्मा की महत्वाकांक्षी पहल है। इसका उद्देश्य मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार जिले के छात्रावासों में निवासरत छात्र-छात्राओं को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाओं का लाभ मैदानी स्तर पर सुनिश्चित कराना है। इसके माध्यम से छात्रावासों को सर्वसुविधायुक्त , स्वच्छ, सुरक्षित एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के अनुकूल बनाया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक छात्रावास का प्रतिमाह निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों का संबंधित अधीक्षक, विभाग एवं अन्य जिम्मेदार विभागों के साथ समन्वय कर निराकरण कराया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों की ऐसी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा, जिनके लिए शासन स्तर पर कोई प्रावधान नहीं है। ऐसी आवश्यकताओं को स्वैच्छिक व्यक्तिगत प्रयासों से पूरा करने की मंशा भी अभियान में शामिल है।
भोजन, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर रहेगा विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान छात्रावासों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराने, मौसमी सब्जियों और दालों को भोजन में शामिल करने तथा रसोईघर की स्वच्छता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा। खाद्यान्न सामग्री का सुरक्षित भंडारण, भोजन बनाने से पहले उसकी समुचित सफाई और भोजन वितरण के दौरान अधीक्षक की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। विद्यार्थियों का स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से प्रतिमाह स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। प्रत्येक विद्यार्थी का स्वास्थ्य रिकॉर्ड संधारित किया जाएगा, जिसमें ब्लड ग्रुप, वजन एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां दर्ज होंगी। छात्रावासों में प्राथमिक उपचार किट की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।
सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं की होगी जांच
छात्रावासों में कमरों एवं परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित विद्युत वायरिंग, दुरुस्त स्विच बोर्ड, शौचालयों में नियमित जलापूर्ति तथा साफ-सफाई की व्यवस्था का परीक्षण किया जाएगा। टीवी, कम्प्यूटर, वाटर प्यूरीफायर, अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरे, वाटर कूलर, पंखे, कूलर, गीजर एवं अन्य उपलब्ध उपकरणों की क्रियाशीलता भी जांची जाएगी।
विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए व्यायाम , प्राणायाम, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित करने तथा उनके साथ नियमित संवाद के लिए समय निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं। छात्रावासों में अनधिकृत बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक, गैर-नियमित कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन तथा कन्या छात्रावासों में महिला चौकीदार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। छात्रावास अधीक्षकों को मुख्यालय पर निवास करने तथा पालक समिति का गठन कर उसकी बैठक प्रतिमाह आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
छात्रावासों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए विभागीय समन्वय पर जोर
कार्यशाला में छात्रावासों के बेहतर संचालन के लिए विभिन्न विभागों से अपेक्षित सहयोग पर भी चर्चा की गई। इसमें नगर निगम द्वारा कचरा संग्रहण, सेप्टिक टैंक की सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराने, नल-जल योजना के माध्यम से नियमित जलापूर्ति तथा वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था के लिए इन्वर्टर एवं सोलर प्रणाली उपलब्ध कराने जैसे विषय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों में आकस्मिक व्यय के लिए उपलब्ध राशि को बढ़ाने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई, ताकि आरओ, विद्युत उपकरण, नल, बोरवेल, सीसीटीवी कैमरे एवं इंटरनेट-वाइफाई जैसी सुविधाओं का नियमित रखरखाव किया जा सके। कन्या छात्रावासों के आसपास रात्रिकालीन पुलिस गश्त सुनिश्चित करने आदि के विषय भी कार्यशाला में रखे गए।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि अभिलाषा अभियान केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका उद्देश्य छात्रावासों की व्यवस्थाओं में वास्तविक सुधार लाना और विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

