मप्रः इंदौर में पहली बार सजेगा जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं का अनूठा संगम ‘आदि बाजार’

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः इंदौर में पहली बार सजेगा जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं का अनूठा संगम ‘आदि बाजार’


मप्रः इंदौर में पहली बार सजेगा जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं का अनूठा संगम ‘आदि बाजार’


- 23 से 29 नवम्बर तक ग्रामीण हाट में राज्य स्तरीय आयोजन, देश के विभिन्न राज्यों के जनजातीय शिल्पकारों के 30 स्टॉल होंगे आकर्षण का केन्द्र

इंदौर, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के नागरिकों को पहली बार देश की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति, परंपराओं और हस्तशिल्प की विविधता को एक ही स्थान पर देखने और करीब से जानने का अवसर मिलने जा रहा है। भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ मर्यादित (ट्राइफेड) द्वारा 23 से 29 नवम्बर 2026 तक ग्रामीण हाट, इंदौर में सात दिवसीय राज्य स्तरीय ‘आदि बाजार’ का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के जनजातीय शिल्पकार एवं उद्यमी अपने पारंपरिक एवं हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय करेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा बुधवार को जानकारी दी कि आदि बाजार का शुभारंभ 23 नवम्बर को अपराह्न 4 बजे होगा। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके मुख्य अतिथि के रूप में तथा सांसद शंकर लालवानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

आठ राज्यों और पूर्वोत्तर की जनजातीय कला का होगा संगम

जनसम्पर्क अधिकारी पुष्पेन्द्र वास्कले ने बताया कि आदि बाजार में लगभग 30 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें मध्यप्रदेश, राजस्थान, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा तथा पूर्वोत्तर राज्यों के जनजातीय शिल्पकारों एवं उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। यह आयोजन शिल्पकारों एवं उत्पादक समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और सीधे विक्रय के लिए प्रभावी विपणन मंच उपलब्ध कराएगा।

महेश्वरी-चंदेरी से लेकर डोकरा और बाँस शिल्प तक, मिलेगी अनूठे उत्पादों की सौगात

उन्होंने बताया कि आदि बाजार में आगंतुकों को महेश्वरी एवं चंदेरी वस्त्र, बाघ प्रिंट की साड़ियां एवं सूट, डोकरा शिल्प, लौह शिल्प, बाँस से निर्मित उत्पाद, जनजातीय चित्रकलाएं, प्राकृतिक शहद, आकर्षक उपहार सामग्री तथा स्थानीय स्तर पर उत्पादित जैविक उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला देखने और खरीदने का अवसर मिलेगा। इन उत्पादों के माध्यम से देश के विभिन्न जनजातीय समुदायों की पारंपरिक कला, शिल्प कौशल और रचनात्मकता की झलक देखने को मिलेगी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और लाइव शिल्प प्रदर्शन से जीवंत होंगी जनजातीय परंपराएं

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, आयोजन को विशेष आकर्षक बनाने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शिल्प निर्माण का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया जाएगा। इससे आगंतुकों को जनजातीय शिल्पकारों की कार्यशैली , उनकी कलात्मक दक्षता और पारंपरिक निर्माण प्रक्रियाओं को करीब से देखने-समझने का अवसर मिलेगा।

जनजातीय शिल्पकारों को बाजार और आजीविका के नए अवसर देने की पहल

ट्राइफेड की इस पहल का उद्देश्य जनजातीय शिल्पकारों एवं उत्पादक समुदायों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना, उनके विपणन संबंधों को मजबूत करना और सतत आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देना है। यह आयोजन जनजातीय समुदायों की पारंपरिक विरासत को प्रोत्साहित करने के साथ उनके आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है।

ट्राइफेड के क्षेत्रीय कार्यालय मध्यप्रदेश द्वारा इंदौर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों, कला एवं हस्तशिल्प प्रेमियों तथा आमजन से 23 से 29 नवम्बर तक ग्रामीण हाट, इंदौर में आयोजित ‘आदि बाजार’ में शामिल होने की अपील की गई है। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे जनजातीय शिल्पकारों द्वारा निर्मित विशिष्ट उत्पादों की खरीदारी कर उनकी कला, कौशल एवं आजीविका को प्रोत्साहित करने में सहभागी बनें।मध्य प्रदेश, 18 नवंबर (हि.स.)।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story