इंदौर: कान्ह नदी किनारे हटाई गई 50 अवैध दुकानें, 100 करोड़ कीमत की दो एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर: कान्ह नदी किनारे हटाई गई 50 अवैध दुकानें, 100 करोड़ कीमत की दो एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त


इंदौर, 09 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में जिला प्रशासन एवं नगर निगम ने बुधवार को संयुक्त रुप से बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के बीचों-बीच कान्ह नदी के किनारे स्थित 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की बेशकीमती शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया।

साउथ तोड़ा क्षेत्र में नदी किनारे अवैध रूप से बनाई गई 50 से अधिक दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई। इन दुकानों में छोटे-छोटे कारखाने (लोहे की सामग्री बनाने के ) भी बिना अनुमति के चल रहे थे।

एसडीएम घनश्याम धनगर ने बताया कि साउथ तोड़ा क्षेत्र में कान्ह नदी के किनारे लगभग दो एकड़ शासकीय भूमि पर अवैध रूप से दुकानें निर्मित कर अतिक्रमण किया गया था। इन दुकानों के कारण नदी के प्राकृतिक बहाव में भी अवरोध उत्पन्न हो रहा था। जिला प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी अतिक्रमण हटाए और बेशकीमती शासकीय भूमि को अपने कब्जे में लिया।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के बाद नदी क्षेत्र को व्यवस्थित एवं विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। कान्ह नदी के इस क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा, जिससे नदी का स्वरूप निखरेगा और क्षेत्र को बेहतर एवं सुव्यवस्थित बनाया जा सकेगा।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के परिपालन में जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई लगातार की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story