इंदौरः सफाई मित्र सुरक्षा एवं स्वच्छता गौरव सम्मान समारोह में 44 कर्मियों का सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः सफाई मित्र सुरक्षा एवं स्वच्छता गौरव सम्मान समारोह में 44 कर्मियों का सम्मान


इंदौरः सफाई मित्र सुरक्षा एवं स्वच्छता गौरव सम्मान समारोह में 44 कर्मियों का सम्मान


इंदौर, 30 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत बुधवार को “सम्मान सफाई मित्रों का, संकल्प स्वच्छ भारत का” थीम पर नगर निगम द्वारा रविंद्र नाट्य गृह में सफाई मित्र सुरक्षा एवं स्वच्छता गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल की उपस्थिति में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 22 सफाई मित्रों एवं 22 ड्रेनेज कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने बताया कि समारोह का उद्देश्य सफाई मित्रों के योगदान को सम्मानित करने के साथ उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। नमस्ते योजना के अंतर्गत 5 सफाई मित्रों को पीपीई किट तथा 5 कर्मचारियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। पीपीई किट में ड्रेस, मास्क, ग्लव्स, चश्मे एवं शूज सहित आवश्यक सुरक्षा सामग्री शामिल है।

इस अवसर पर सफाई मित्रों एवं अतिथियों के लिए देशभक्ति गायन, गीत, तबला-ढोलक जुगलबंदी, गरबा नृत्य एवं शस्त्र कला सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2014 में प्रारंभ हुआ स्वच्छता अभियान आज जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। सफाई मित्रों, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों एवं जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान कायम रखी है। उन्होंने सफाई मित्रों के समर्पण एवं योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से इंदौर की स्वच्छता की पहचान निरंतर कायम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story