इंदौरः मंत्री सिलावट ने फीनिक्स टाउनशिप में 33 केवीए ग्रिड का किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः मंत्री सिलावट ने फीनिक्स टाउनशिप में 33 केवीए ग्रिड का किया लोकार्पण


- रहवासियों को मिलेगी निरंतर विद्युत आपूर्ति

इंदौर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को जनपद पंचायत इंदौर अंतर्गत ग्राम पंचायत कैलोदहाला स्थित फीनिक्स टाउनशिप में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33 केवीए विद्युत ग्रिड का लोकार्पण किया। इस ग्रिड के शुरू होने से टाउनशिप के रहवासियों को अब निर्बाध एवं नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

इस अवसर पर मंत्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अधिकांश गांवों में अब निरंतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा चुकी है।

सिलावट ने बताया कि ग्राम पंचायत कैलोदहाला की फीनिक्स टाउनशिप में कालोनाइजर के चले जाने के कारण लगभग दो हजार से अधिक रहवासियों को बिजली की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा था। मूल रूप से इस समस्या के समाधान हेतु लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत आ रही थी, लेकिन ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न तोमर से चर्चा कर लागत को कम करते हुए ग्रिड निर्माण का कार्य पूर्ण कराया गया। इसके परिणामस्वरूप अब टाउनशिप में सुचारु विद्युत आपूर्ति प्रारंभ हो गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सभी नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है और हर वर्ग के विकास के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष विश्वजीत सिंह सिसौदिया, मंडल अध्यक्ष वीपिन जागीरदार, पार्षद राकेश सोलंकी, सरपंच जितेंद्र डोडिया, अजय पप्पू शर्मा, राजेश पांडेय, वंदना सिंह, कैलाश चौहान, यशवंत शर्मा, विवेक मिश्रा, लक्की अवस्थी सहित विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story