इंदौरः एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत शहर में लगाए जाएंगे 21 लाख पौधे
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को करेंगे पौधारोपण महाअभियान का शुभारंभ
भोपाल, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 12 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर संचालित एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत इंदौर में प्रातः 10:30 बजे पितृ पर्वत के आगे स्थित बीएसएफ परिसर, ग्राम बुडानिया में 21 लाख पौधों का रोपण एवं 51 हजार वर्षा जल संचयन यूनिट स्थापना के महाअभियान का शुभारंभ करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत आयोजित यह महाअभियान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जल संवर्धन को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर पौधारोपण के साथ 51 हजार वर्षा जल संचयन यूनिट स्थापित कर वर्षा जल के संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रहेगी। नागरिकों से इस महाअभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के संकल्प को मजबूत बनाने का आग्रह किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

