मप्र में स्वतंत्रता दिवस पर जिला, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर होंगे कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
मप्र में स्वतंत्रता दिवस पर जिला, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर होंगे कार्यक्रम


- सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा दिशा-निर्देश जारी

भोपाल, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य, जिला जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर गरिमा मय कार्यक्रम आयोजित किये जाएगे। इस संबंध में सोमवार को राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं।

जारी परिपत्र के अनुसार, भोपाल में मुख्यमंत्री द्वारा प्रातः 9 बजे के पूर्व शौर्य स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। तत्पश्चात प्रातः 9 बजे मुख्यमंत्री लाल परेड ग्राउण्ड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ध्वजारोहण करेंगे एवं प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। शौर्य स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लाल परेड ग्राउण्ड भोपाल में किया जाएगा। पुलिस, एस.ए.एफ., सी.आई.एस.एफ., जेल गार्ड, होम गार्ड, एन.सी.सी. एवं स्काउट गाइड्स की संयुक्त परेड आयोजित की जाएगी। संयुक्त परेड द्वारा मुख्यमंत्री को गार्ड आफ ऑनर दिया जाएगा।

जिला स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 9 बजे से किया जाएगा, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष/ मंत्रीगण, कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण पश्चात राष्ट्रगान का गायन किया जाएगा एवं परेड की सलामी ली जाएगी। जिसकी जिलेवार सूची सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा पृथक से जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री द्वारा संदेश वाचन प्रातः 9:25 से 9:55 बजे तक किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण राज्य स्तरीय मुख्य समारोह, भोपाल से जिला स्तर पर किया जाएगा। तत्पश्चात विधानसभा अध्यक्ष, मंत्रीगण, कलेक्टर द्वारा 05 मिनिट का संक्षिप्त लिखित बधाई संदेश का वाचन किया जाएगा।

राज्य शासन द्वारा निर्देश दिये गये है कि उक्तानुसार ही कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाए तथा कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा सुनिश्चित की जाए। जनपद पंचायत मुख्यालय में जनपद अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा तथा समारोह में सामूहिक राष्ट्रगान गाया जाएगा। ऐसी नगर पालिका/नगर परिषद जिनका मुख्यालय ब्लाक मुख्यालय पर नहीं है, उनमें अध्यक्ष नगर पालिका/नगर परिषद द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और समारोह में राष्ट्रगान गाया जाएगा।

पंचायत मुख्यालय में सरपंच द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और समारोह में राष्ट्रगान गाया जाएगा। निर्देश दिये गये है कि जिले से संबंधित सभी सांसद, विधायकगण, महापौर, पार्षद एवं अन्य गणमान्य नागरिकों को सम्मान पूर्वक आमंत्रित किया जाए। सभी शासकीय कार्यालयों/शिक्षण संस्थाओं में पूर्व वर्ष अनुसार प्रातः 8 बजे या उसके पूर्व ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। तत्पश्चात् सांस्कृतिक/साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाए। सभी शिक्षण संस्थाओं में मौसम का ध्यान रखते हुए प्रातः काल प्रभातफेरी का आयोजन किया जाए।

कॉलेज/स्कूल में खेल कूद, अन्य प्रकार के कौशलों का प्रदर्शन अन्तर्विद्यालय, अन्तर महाविद्यालय स्तर पर वाद विवाद प्रतियोगिताएं, 15 अगस्त के महत्व पर चुने हुए छात्र-छात्राओं द्वारा वार्ता, राष्ट्रीय एकता, लघु बचत, जनसंख्या स्थिरीकरण, स्वच्छता अभियान एवं पुरस्कारों / प्रमाण पत्रों / मेडल आदि का वितरण इत्यादि कार्यक्रम में सम्मिलित किए जाए। वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाए, इस कार्यक्रम को प्रभावी रूप से सम्पन्न कराने में वन विभाग का आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जाए।

स्कूल/कालेजों में जिला/संभाग एवं राज्य स्तर पर राष्ट्रीय एकता के समूह गान आयोजित किये जायेंगे। जिला मुख्यालयों पर स्वतंत्रता दौड का आयोजन किया जाए। निर्देश दिये गये है कि विभिन्न समारोहों में ध्वनि विस्तार यंत्र (लाउड स्पीकर) का उपयोग किया जाता है और उस पर गानों के रिकार्ड बजाये जाते हैं तो गानों का चयन देशभक्ति से प्रेरित होना चाहिए।

विभिन्न समाचार पत्रों में स्वतंत्रता दिवस पर जारी किए जाने वाले विज्ञापनों को स्वतंत्रता संग्राम के संदेशों पर केन्द्रित किया जाएगा एवं विज्ञापनों को इस प्रकार नियोजित किया जाए कि 15 अगस्त 2026 को प्रदेश के समाचार पत्रों में शहीदों तथा विशेष रूप से मध्य प्रदेश के शहीदों के सम्बन्ध में संदेश प्रसारित हो। कार्यक्रम स्थलों पर प्राथमिक चिकित्सा की आवश्यक व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर प्रदेश में स्थित समस्त शासकीय भवनों एव राष्ट्रीय महत्व की इमारतों में 14 एवं 15 अगस्त 2026 की रात में प्रकाश की व्यवस्था की जाए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों एवं प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान पूर्वक आमंत्रित किया जाए एवं वृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को जिला कलेक्टर अथवा उनके द्वारा नामित प्रतिनिधि घर जाकर शाल, श्रीफल से सम्मानित करेगें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story