इंदौर में “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय शिविर आयोजन का सिलसिला प्रारंभ
इंदौर, 23 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में शासन की महत्वाकांक्षी “संकल्प से समाधान” अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। अभियान के तृतीय चरण में विकासखंड स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन प्रारंभ किया गया है। जिले का पहला शिविर सोमवार को नैनोद में आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत इंदौर जनपद में आयोजित ग्राम स्तरीय शिविरों के माध्यम से लगभग साढ़े 13 हजार ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों और विभिन्न सेवाओं का लाभ दिया गया।
कार्यक्रम में विधायक मधु वर्मा, जनपद अध्यक्ष विश्वजीत सिंह सिसोदिया (कान्हा पटेल), श्रवण सिंह चावड़ा, रामस्वरूप गेहलोद, जिला पंचायत सदस्य दिलीप पटेल, एसडीएम गोपाल वर्मा, निधि वर्मा तथा अजय भूषण शुक्ला, जनपद सीईओ प्रियंका टैगोर, अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीणों को शासन से सीधे जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं और इससे समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है।
ग्राम पंचायत नैनोद जनपद इंदौर में “संकल्प से समाधान” शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। नैनोद के शिविर में ग्रामीणों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 125 से अधिक आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिनमें से कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना एवं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।
साथ ही संकल्प से समाधान अभियान अंतर्गत पूर्व में ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों का भी निराकरण उक्त विकासखंड स्तरीय शिविर में किया गया एवं निराकरण कर हितग्राहियों को अवगत कराया गया। उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्व-सहायता समूहों की महिला सदस्यों द्वारा अपने उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई। इन उत्पादों को ग्रामीणों एवं अतिथियों द्वारा खूब सराहा गया, जिससे महिलाओं के आत्मनिर्भरता के प्रयासों को प्रोत्साहन मिला।
इस अभियान के अंतर्गत ब्लॉक एवं नगर स्तर पर प्राप्त आवेदनों, शिकायतों तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही चयनित योजनाओं, कार्यक्रमों और सेवाओं के तहत नवीन प्राप्त आवेदनों पर भी त्वरित कार्रवाई कर आमजन को राहत प्रदान की जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संकल्प से समाधान अभियान अंतर्गत 23 मार्च को आज जनपद पंचायत इंदौर के ग्राम पंचायत नैनोद में पहला शिविर लगाया गया।
अभियान के तहत महू जनपद के महूगांव में 24 मार्च को, सांवेर जनपद पंचायत कार्यालय में 25 मार्च को एवं देपालपुर क्षेत्र के जनपद पंचायत कार्यालय देपालपुर में 26 मार्च को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिविरों के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान का लाभ मिल सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

