मप्र के इंदौर में तीन करोड़ की अवैध शराब जब्त, दो ट्रकों से मिलीं 3 हजार पेटियां
इंदौर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार रात अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डीजीजीआई और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने दो ट्रकों से करीब 3,000 पेटी शराब जब्त की। जब्त शराब की कीमत लगभग तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, संयुक्त टीम को अवैध शराब की बड़ी खेप ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने दोनों ट्रकों की तलाश शुरू की गई। टीमें पिछले सात दिनों से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं। लगातार निगरानी और पीछा करने के बाद मंगलवार रात बायपास स्थित पत्थर मुंडला क्षेत्र में दोनों ट्रकों को पकड़ लिया गया। तलाशी में बड़ी मात्रा में शराब मिली, जिसे जब्त कर लिया गया।
सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी ने बताया कि दोनों ट्रकों से बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 3,000 पेटी है। इसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये है। अब जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही अवैध परिवहन में शामिल लोगों और इससे जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे पर संदिग्ध ट्रकों एवं कंटेनरों की भी की गई सघन जांच, छह ढाबों से 65 बोतल देशी-विदेशी मदिरा जब्त
इससे पहले सोमवार की रात भी आबकारी विभाग की टीम ने विभिन्न ढाबों पर जांच एवं कार्रवाई करते हुए छह स्थानों पर प्रकरण पंजीबद्ध किए थे। जिला कंट्रोल रूम प्रभारी कमलेश सोलंकी एवं डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल के निर्देशन में तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी पवन टिकेकर एवं निधि शर्मा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान महाकाल ढाबा, मां भगवती रेस्टोरेंट एवं ढाबा, ठाकुर श्री ढाबा, बाबा ढाबा, राजपूत ढाबा एवं जय मां काली ढाबा जांच की गई। जांच के दौरान इन स्थानों से कुल 65 बोतल देशी एवं विदेशी मदिरा जब्त की गई। संबंधित मामलों में नियमानुसार प्रकरण पंजीबद्ध कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त, अवैध मदिरा के परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से हाईवे पर संदिग्ध ट्रकों एवं कंटेनरों की सघन जांच भी की गई। इस दौरान वाहनों की जांच कर अवैध मदिरा के परिवहन सहित अन्य अनियमित गतिविधियों पर नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

