मप्र कैडर के एक और आईएएस की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति, राज्य सरकार ने नियुक्त किए दो नए सूचना आयुक्त
भोपाल, 03 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश कैडर के एक और आईएएस दिल्ली में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे। 2012 बैच के आईएएस अधिकारी फटिंग राहुल हरिदास को केंद्र ने केंद्रीय मंत्री का निजी सचिव नियुक्त किया है। वहीं, मध्य प्रदेश सरकार ने दो नए राज्य सूचना आयुक्तों की नियुक्ति की है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
शुक्रवार को सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव सचिन्द्र राव ने आलोक नागर और राजेश भट्ट को राज्य सूचना आयुक्त पदस्थ करने की अधिसूचना जारी की है। राज्य सरकार ने सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 15 की उपधारा (2) के अनुसरण में, राज्य सूचना आयोग, मध्य प्रदेश में वर्तमान में पदस्थ मुख्य सूचना आयुक्त और तीन राज्य सूचना आयुक्तों के अतिरिक्त आलोक नागर और राजेश भट को राज्य सूचना आयुक्त पदस्थ किया हैं।
राज्य सूचना आयुक्त का कार्यकाल उस तारीख से, जिस दिन वे अपना पद ग्रहण करते हैं, तीन वर्ष या पैसठ वर्ष की आयु प्राप्त करने तक, इनमें से जो भी पूर्वतर हो, होगा। आलोक नागर उज्जैन में असिस्टेंट रजिस्ट्रार फर्म्स एण्ड सोसाइटी उज्जैन संभाग के पद पर 1990 से 2007 तक रहे और उज्जैन संभाग कार्यालय स्थापित होने के पहले असिस्टेंट रजिस्ट्रार रहे हैं और रजिस्ट्रार पद से भोपाल में 2025 में सेवानिवृत्त हुए। वही राजेश भट्ट उज्जैन निवासी होकर समस्त शिक्षा इसी नगरी में हुई और वर्तमान में आकाशवाणी भोपाल के कार्यक्रम प्रमुख है।
इधर, डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनल ट्रेनिंग ने मुख्य सचिव अनुराग जैन को लिखे पत्र में सूचना दी है कि आईएएस फटिंग राहुल हरिदास को केंद्रीय पंचायती राज और फिशरीज, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के मंत्री राजीव रंजन सिंह का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। हरिदास अपनी जॉइनिंग के बाद से पांच साल तक के लिए निजी सचिव के पद पर काम करते रहेंगे। इसके लिए मुख्य सचिव से फटिंग राहुल हरिदास को केंद्र के लिए रिलीव करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अभी हरिदास एमपी हाउसिंग बोर्ड के आयुक्त का काम देख रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

