मप्रः बसपा नेता लाखन यादव सहित कांग्रेस-बसपा के सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः बसपा नेता लाखन यादव सहित कांग्रेस-बसपा के सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा में शामिल


भोपाल, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के समक्ष शुक्रवार को दतिया चुनाव कार्यालय में बसपा के सेवढ़ा से पूर्व प्रत्याशी लाखन सिंह यादव सहित कांग्रेस, बसपा के जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर सभी का भाजपा परिवार में स्वागत किया एवं मुंह मीठा कराकर शुभकामनाएं दी। खण्डेलवाल ने भाजपा में शामिल हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि दतिया की जनता अपने क्षेत्र का निरंतर विकास, समाज का सम्मान और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा चाहती है। इन तीनों अपेक्षाओं को पूरा करने का सामथर्य केवल भारतीय जनता पार्टी के पास है।

खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा केवल वर्तमान की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की भी चिंता करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी विकास यात्रा को दतिया में आगे बढ़ाने का कार्य भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी करेंगे। भाजपा सरकार ने विकास और जनकल्याण को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और यही विश्वास जनता को भाजपा के साथ जोड़ रहा है।

इस दौरान संभाग प्रभारी अभय सिंह यादव, पूर्व मंत्री इमरती देवी, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव, जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद अशोक अर्गल, पूर्व मंडी अध्यक्ष राम यादव एवं पूर्व जिला अध्यक्ष जगदीश यादव मंचासीन रहे।

दतिया में विकास और विश्वास का नया अध्याय लिखेगी भाजपा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मान, समर्पण और संगठन की भावना पर चलने वाला दल है। पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी क्षमता और योगदान के अनुरूप सम्मान एवं अवसर मिलता है। विभिन्न दलों से बड़ी संख्या में लोगों का भाजपा से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि जनता और कार्यकर्ताओं का विश्वास भाजपा की विकासवादी राजनीति पर लगातार मजबूत हो रहा है।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर भाजपा की नीतियों, सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं तथा भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनता के आशीर्वाद से दतिया में भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत से विजय प्राप्त कर विकास, विश्वास और जनसेवा का नया अध्याय लिखेगी।

इन्होंने की पार्टी की सदस्यता ग्रहण

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में डॉ. अमित यादव, वरिष्ठ नेता बलवीर यादव, राघवेन्द्र सिंह यादव, सोनू पटैल, भांडेर मुरगुवा सरपंच उपेन्द्र यादव, जगमोहन रावत, यादव महासभा के जिला उपाध्यक्ष सूर्यकांत यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शत्रुघ्न यादव, जनपद सदस्य विवेक बघेल, पूर्व जिला अध्यक्ष सपा एवं सेवढ़ा व भाण्डेर प्रत्याशी नरेश कठेरिया, बसपा से मोहित मावई, सरपंच मोनू यादव, कांग्रेस जनपद सदस्य मिथलैश उचारिया, जगमोहन दुबे सहित सैकड़ों नेता शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story