संघ के मध्य क्षेत्र सह बौद्धिक प्रमुख हितानंद शर्मा की माताजी का निधन, 90 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

WhatsApp Channel Join Now
संघ के मध्य क्षेत्र सह बौद्धिक प्रमुख हितानंद शर्मा की माताजी का निधन, 90 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस


- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने व्यक्त किया दुख

भोपाल, 24 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र सह बौद्धिक प्रमुख एवं भाजपा के पूर्व संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की माताजी जनकदुलारी शर्मा का मंगलवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रही थीं और भोपाल के एक अस्पताल में भर्ती थीं, जहां मंगलवार को 90 वर्ष की उम्र में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि कहा कि मां सम्पूर्ण जीवन की आधारिाला होती हैं, उनका जाना अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजन को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

हितानंद शर्मा की माताजी जनक दुलारी शर्मा के निधन के बाद भाजपा में शोक की लहर है। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मध्य क्षेत्र के सह बौद्धिक प्रमुख व मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की पूज्य माताजी जनक दुलारी शर्मा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। शोकमय परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में विश्रांति तथा शोकमय परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

गौरतलब है कि हितानंद शर्मा की कुछ दिन पहले ही संघ में वापसी हुई है। उन्हें मध्य क्षेत्र सह-बौद्धिक प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले वे भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी मां जनकदुलारी शर्मा पिछले दो महीने से अस्वस्थ थीं। कुछ समय तक उनका इलाज गांव में ही चला था, जिस दौरान हितानंद शर्मा भी काफी समय तक गांव में रुके थे। इसके बाद उन्हें भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया। बताया गया है कि उनके शरीर को आज ही अशोकनगर के मढ़ी महिदपुर गांव ले जाया जाएगा, जहां अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। गांव में इसकी तैयारियां की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story