मप्र: हरदीप सिंह पुरी की राज्यसभा उम्मीदवारी पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, कई जिलों में पुतला दहन

WhatsApp Channel Join Now
मप्र: हरदीप सिंह पुरी की राज्यसभा उम्मीदवारी पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, कई जिलों में पुतला दहन


मप्र: हरदीप सिंह पुरी की राज्यसभा उम्मीदवारी पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, कई जिलों में पुतला दहन


मप्र: हरदीप सिंह पुरी की राज्यसभा उम्मीदवारी पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, कई जिलों में पुतला दहन


भोपाल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के भाजपा के फैसले के खिलाफ कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में प्रदर्शन किया। सीहोर, भिंड, खंडवा, टीकमगढ़ और पन्ना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर पुरी के पुतले दहन किए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने एपस्टीन मामले में पुरी का नाम सामने आने का हवाला देते हुए सवाल उठाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। कुछ जिलों में कांग्रेस नेताओं ने उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाने और राज्यसभा उम्मीदवारी वापस लेने की मांग भी की।

सीहोर में जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन

सीहोर में कांग्रेस कार्यकर्ता बस स्टैंड स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के सामने एकत्रित हुए। यहां नारेबाजी के बाद हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने आरोप लगाया कि एपस्टीन मामले में पुरी का नाम सामने आने और उनकी तस्वीर सार्वजनिक होने के बाद भी भाजपा ने उन्हें मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने पुरी से इस्तीफा लेने और उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की। गुजराती ने कहा कि इस फैसले से प्रदेश की गरिमा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।

भिंड में निष्पक्ष जांच की मांग

भिंड में जिला कांग्रेस कमेटी शहर ने सिटी कोतवाली के सामने प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया 'पिंकी' के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर पुतला दहन किया। भदौरिया ने कहा कि एपस्टीन मामले में नाम सामने आने के बावजूद पुरी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया जाना सवाल खड़े करता है। सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदार पदों पर बैठे व्यक्तियों को लेकर गंभीर सवाल उठें तो उन्हें स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सच्चाई जनता के सामने लाने की मांग की।

खंडवा में गांधी भवन से निकाली रैली

खंडवा में शहर कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुबह करीब 11:30 बजे गांधी भवन में एकत्रित हुए। यहां से रैली निकालकर केवलराम पेट्रोल पंप चौराहे तक पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के उम्मीदवार चयन के फैसले के खिलाफ नारेबाजी की और हरदीप सिंह पुरी का पुतला जलाया। प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इमरान गौरी, नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर, विशाल जैन, अर्ष पाठक, इकबाल कुरैशी, मोइज खान और डॉ. शरद हरणे सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।

टीकमगढ़ में पुलिस से हुई झूमाझटकी

टीकमगढ़ के गांधी चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस जवानों ने पुतला दहन रोकने की कोशिश की, जिस पर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी हुई। बाद में पुतले में लगाई गई आग को फायर ब्रिगेड ने पानी डालकर बुझाया। प्रदर्शन में शामिल विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने भाजपा से पुरी का नाम राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची से वापस लेने की मांग की। उन्होंने प्रदेश में बाल अपराध और यौन शोषण के मामलों का उल्लेख करते हुए भाजपा के फैसले पर सवाल उठाए। प्रदर्शन में नगर कांग्रेस अध्यक्ष गौरव शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष अनीस अहमद और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

पन्ना में स्थानीय नेतृत्व की अनदेखी का मुद्दा भी उठाया

पन्ना में जिला कांग्रेस कमेटी ने इंद्रपुरी कॉलोनी में प्रदर्शन कर हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में नेताओं ने एपस्टीन मामले के साथ ही मध्यप्रदेश से बाहरी उम्मीदवार को राज्यसभा भेजने के फैसले पर भी आपत्ति जताई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा ने स्थानीय नेतृत्व की अनदेखी की है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश के हितों और स्थानीय नेतृत्व की उपेक्षा जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story