मप्र के हरदा पहुंची वड़नगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प यात्रा, प्रधानमंत्री ने बाइक राइडर्स से किया वर्चुअली संवाद

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के हरदा पहुंची वड़नगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प यात्रा, प्रधानमंत्री ने बाइक राइडर्स से किया वर्चुअली संवाद


मप्र के हरदा पहुंची वड़नगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प यात्रा, प्रधानमंत्री ने बाइक राइडर्स से किया वर्चुअली संवाद


हरदा, 24 सितम्बर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ अंतर्गत वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही विशेष बाइक यात्रा गुरुवार को मध्य प्रदेश के हरदा जिले में पहुंची। ‘जन जल सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ के हरदा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर स्थानीय माहेश्वरी धर्मशाला में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यात्रा में शामिल सेवा यात्रियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान नर्मदा जिला (गुजरात) के सेवा यात्री आकाश टडवी से यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने यात्रा के दौरान सेवा यात्रियों को मिली भारत के विकास की तस्वीर पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने इस दौरान अन्य जिलों और स्थानों से वर्चुअली जुड़े यात्रियों से भी संवाद किया।

कार्यक्रम में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल, सांची विधायक प्रभुराम चौधरी, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के युवाओं द्वारा स्वच्छता एवं वृक्षारोपण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने युवाओं से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से कहा कि वे अपने जीवन के लिए एक वर्ष की कार्ययोजना तैयार करें और यह तय करें कि उन्हें क्या करना है। अपने लक्ष्यों को डायरी में लिखें तथा प्रतिदिन की प्रगति को भी दर्ज करें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने से युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ा सकते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक और युवा की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से देशहित एवं समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने सेवा संकल्प बाइक यात्रा के प्रतिभागियों से कहा कि यात्रा के दौरान विभिन्न राज्यों की भाषा, वेशभूषा, खान-पान और सांस्कृतिक विविधताओं को जानने-समझने का अवसर प्राप्त होगा।

खिड़कीवाला में किया पौधरोपण, दयोदय गौशाला में की गौ सेवा

‘जन जल सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग एवं बाइक राइडर्स ने ग्राम खिड़कीवाला में पौधरोपण किया। यात्रा के दौरान दयोदय गौशाला में गौ पूजन एवं गौ सेवा की गई। इसके उपरान्त यात्रा टिमरनी पहुँची, जहाँ भाउ साहब भुस्कुटे महाविद्यालय में युवा संवाद किया गया। इसके पश्चात ग्राम सोडलपुर व टेमागांव में संकल्प सेवा यात्रा द्वारा युवा संवाद किया गया।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर यह यात्रा 17 सितंबर को वड़नगर से रवाना हुई है। इस यात्रा में बड़ी संख्या में बाइकों पर सेवा यात्री शामिल हैं। यात्रा के दौरान सेवा, जनसंवाद और राष्ट्रीय एकता से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story