ग्वालियरः केन्द्रीय पुस्तकालय में हुआ ' यूथ डायलॉग' का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः केन्द्रीय पुस्तकालय में हुआ ' यूथ डायलॉग' का आयोजन


- जिला पंचायत सीईओ रावत ने युवाओं के साथ किया संवाद

ग्वालियर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में युवाओं की आवाज को मंच देने और उनके विचारों को समाज के विकास से जोड़ने के उद्देश्य से शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय द्वारा गुरुकुल ड्रीम फाउंडेशन के सहयोग से शनिवार को महाराज बाड़ा स्थित केन्द्रीय पुस्तकालय 'ग्वालियर यूथ डायलॉग' का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौजान सिंह रावत ने संवाद कर युवाओं को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने युवाओं से विचारों, सपनों, जिम्मेदारियों और भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा की। यह कार्यक्रम युवाओं को श्रेष्ठ नागरिक बनाने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से किया गया। संवाद के दौरान युवाओं को अपनी बात रखने, सवाल पूछने और सामाजिक विकास में अपनी भूमिका समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में 'संवाद, सहभागिता और समाधान' की भावना को केंद्र में रखते हुए युवाओं को सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण और रोचक पक्ष रहा युवाओं के साथ सीधा सवाल-जवाब सत्र। इसमें उपस्थित छात्र-छात्राओं ने जिला पंचायत सीईओ रावत से विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं और सवाल रखे। रावत ने सभी सवालों को गंभीरता से सुना और सहजता से उनके जवाब दिए। इस संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, करियर, सामाजिक जिम्मेदारियों और जीवन में आगे बढ़ने से जुड़े विषयों पर भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर केन्द्रीय पुस्तकालय के प्रबंधक विवेक कुमार सोनी, गुरुकुल फाउण्डेशन के आकाश बरूआ तथा आकाश पाल, शिवम शर्मा, अनिल प्रताप सिंह सहित पुस्तकालय के अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770224 Articles

Share this story