ग्वालियरः मंत्री तोमर ने विभिन्न बस्तियों में भ्रमण कर सुनी समस्याएं, विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः मंत्री तोमर ने विभिन्न बस्तियों में भ्रमण कर सुनी समस्याएं, विकास कार्यों का किया भूमिपूजन


- उप नगर ग्वालियर में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं - ऊर्जा मंत्री तोमर

ग्वालियर, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बुधवार को उप नगर ग्वालियर की विभिन्न बस्तियों में भ्रमण किया। उन्होंने इस दौरान स्थानीय नागरिकों से सीधा संपर्क कर उनकी समस्याएं सुनीं। विकास कार्यों का भूमि पूजन भी किया।

मंत्री तोमर ने जती की लाइन, झाड़ू वाला मोहल्ला, घोसीपुरा, शिव नगर, सत्यनारायण की टेकरी, सुनारन गली, पंचशील नगर सहित अन्य क्षेत्रों में भ्रमण किया और विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुना और बहुत सी समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम व विद्युत वितरण कंपनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि उप नगर ग्वालियर में विकास के नए आयाम मूर्त रूप ले रहे है। हमारा लक्ष्य है कि उप नगर ग्वालियर विकास की दृष्टि से एक आदर्श और विकसित क्षेत्र के रुप में अपनी पहचान बनाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। श्री तोमर ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उप नगर ग्वालियर में जती की लाइन की विभिन्न गलियों में 23 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली सीमेंट कांक्रीट रोड एवं नाली निर्माण कार्य, झाड़ू वाला मोहल्ला में नवीन सीवर लाइन, घोसीपुरा शिव नगर तथा सत्यनारायण की टेकरी में नाला निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने सुनारन वाली गली निवासी सुनील नरवरिया के घर पहुंचकर भोजन किया। ऊर्जा मंत्री के भ्रमण कार्यक्रम का समापन शील नगर में हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story