ग्वालियरः जिले के दो युवाओं को अनुकम्पा नियुक्ति पर मिली सरकारी नौकरी, कलेक्टर ने सौंपे नियुक्ति आदेश

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः जिले के दो युवाओं को अनुकम्पा नियुक्ति पर मिली सरकारी नौकरी, कलेक्टर ने सौंपे नियुक्ति आदेश


ग्वालियर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में शासकीय सेवा के दौरान दिवंगत हुए दो कर्मचारियों के पुत्रों को इसी भावना के अनुरूप सरकारी नौकरी अर्थात अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने मंगलवार को जोगेन्द्र कुशवाह और पुनीत मुदगल को सहायक वर्ग-3 के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति के आदेश सौंपे।

दोनों नियुक्तियां राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के प्रावधानों के तहत जिला स्तरीय स्थापना समिति की अनुशंसा के आधार पर की गई हैं।

इस अवसर पर बताया गया कि तहसील कार्यालय ग्वालियर में भृत्य के पद पर पदस्थ रहे महेन्द्र सिंह कुशवाह का गत अप्रैल माह में निधन हो गया था। उनके पुत्र जोगेन्द्र कुशवाह को तानसेन तहसील कार्यालय में सहायक वर्ग-3 के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है। इसी प्रकार तहसीलदार भू-संसाधन प्रबंधन कार्यालय, ग्वालियर में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत रहे श्री संतोष मुदगल का गत मई माह में निधन हो गया था। उनके पुत्र पुनीत मुदगल को तहसील कार्यालय पिछोर में सहायक वर्ग-3 के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति दी गई है।

दोनों युवाओं को शासन के प्रावधानों के अनुसार तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर नियुक्ति प्रदान की गई है। अनुकम्पा नियुक्ति के आदेश प्राप्त होने पर दोनों अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। शासन की यह पहल दिवंगत शासकीय सेवकों के परिवारों को संबल देने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767960 Articles

Share this story