ग्वालियरः अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से केन्द्रीय जेल में महिला बंदियों के लिये तीन माह का प्रशिक्षण शुरू

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से केन्द्रीय जेल में महिला बंदियों के लिये तीन माह का प्रशिक्षण शुरू


- महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिये दिया जायेगा कौशल उन्नयन प्रशिक्षण

ग्वालियर, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केन्द्रीय जेल में बंदी महिलाओं के लिये कौशल उन्नयन प्रशिक्षण शुरू हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन माह तक अर्थात 7 जून तक चलाया जायेगा।

मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना के तहत केन्द्रीय जेल की बंदी महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के उद्देश्य से शुरू किए गए इस प्रशिक्षण के तहत महिला को बेसिक सिलाई एवं रेडीमेड गारमेंट तैयार करने की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। प्रशिक्षण में कुल 29 महिला बंदियों को शामिल किया गया है।

यह प्रशिक्षण महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सेडमैप संस्था के सहयोग से दिया जा रहा है। इसके लिए सिलाई सिखाने वाले मास्टर ट्रेनर और समस्त सामग्री सेडमेप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण का खर्च विभाग द्वारा वहन किया जायेगा।

प्रशिक्षण के प्रारंभिक सत्र में केंद्रीय जेल के प्रशासकीय अधीक्षक अनिरुद्ध नरवरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी उपासना राय, जेलर राम गोपाल पाल, सहायक संचालक महिला बाल विकास राहुल पाठक, सेडमेप से शिवराम दोहरी एवं जेल का स्टाफ उपस्थित था।

जिला कार्यक्रम अधिकारी उपासना राय ने इस अवसर पर कहा कि यह प्रशिक्षण महिलाओं के बाद के जीवन के लिए उपयोगी साबित होगा। जेल से रिहाई पश्चात भविष्य में महिलायें अपने पैरों पर खड़ी हो सकेंगी। केन्द्रीय जेल के प्रशासकीय अधीक्षक नरवरिया ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं से गंभीरता से इस प्रशिक्षण का लाभ लेने की बात कही। सहायक संचालक राहुल पाठक ने मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना के तहत कठिन परिस्थितियों में रहने वाली महिलाओं को रोजगार परक प्रशिक्षण और कोर्स कराए जाते हैं जिससे महिलायें अपने पैरों पर खड़ी हो सकें। प्रशिक्षण सत्र में जेल की महिला बंदियों द्वारा नृत्य, गीत, कविता आदि के माध्यम से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story