ग्वालियरः जिले में “शक्ति दीदी” लिख रहीं महिला सशक्तिकरण की इबारत, 5 जरूरतमंद महिलाएं बनी “शक्ति दीदी”

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः जिले में “शक्ति दीदी” लिख रहीं महिला सशक्तिकरण की इबारत, 5 जरूरतमंद महिलाएं बनी “शक्ति दीदी”


- अब तक 112 जरूरतमंद महिलाएं शक्ति दीदी के रूप में बनीं आत्मनिर्भर

ग्वालियर, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में महिला सशक्तिकरण की नई इबारत लिखी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप हुए शक्ति दीदी नवाचार के तहत जरूरतमंद महिलाएँ पेट्रोल पंपो पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर का मोर्चा संभाल कर आत्मनिर्भर बनी हैं। शनिवार को पांच जरूरतमंद महिलायें “शक्ति दीदी” बनी। जिले में अब तक 112 जरूरतमंद महिलाएं शक्ति दीदी नवाचार के माध्यम से आत्मनिर्भर हो चुकी हैं।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने शनिवार को शहीद गेट बारादरी मुरार स्थित बीपी सेल्स पर नीलम मित्तल व आशा बाथम को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपी। कलेक्टर ने फूल मालायें पहनाकर दोनों शक्ति दीदियों का स्वागत किया। साथ ही शक्ति दीदी की जैकेट व पहचान पत्र सौंपा। उन्होंने दोनों शक्ति दीदियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप सब आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करें। जिला प्रशासन व पुलिस आप सबकी मदद के लिये तत्पर है।

उन्होंने पेट्रोल पंप संचालक को भी निर्देश दिए कि शक्ति दीदियों को कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। इस मौके पर सहायक संचालक महिला बाल विकास राहुल पाठक एवं सहायक जिला आपूर्ति अधिकारी सौरभ जैन भी उपस्थित रहे। इसी तरह गणेश पेट्रोलियम काल्पीब्रिज पर नीतू कुशवाह, दर्शन फिलिंग स्टेशन बिरला हॉस्पिटल रोड पर रूबी एवं रामजानकी फिलिंग स्टेशन गदाईपुरा पर सपना बाथम को विभिन्न अधिकारियों द्वारा शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story