ग्वालियरः जिले में श्रद्धाभाव व उत्साह के साथ मनाया गया गोवर्धन पूजा का पावन पर्व

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः जिले में श्रद्धाभाव व उत्साह के साथ मनाया गया गोवर्धन पूजा का पावन पर्व


- ऊर्जा मंत्री तोमर के मुख्य आतिथ्य में केन्द्रीय जेल की सुरभि गौशाला में हुआ जिले का मुख्य आयोजन

ग्वालियर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में भी गोवर्धन पूजा का पावन पर्व सोमवार को श्रद्धाभाव एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। गौसेवा, गौसंवर्धन एवं पशुपालकों के सम्मान के इस महापर्व के तहत जिले का मुख्य आयोजन ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में केन्द्रीय जेल परिसर में स्थित सुरभि गौशाला में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर उन्होंने वैदिक परंपरा के अनुसार विधि विधान से गोवर्धन पूजा की। साथ ही गाय माता का पूजन कर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में उज्जैन में तिलकेश्वर महादेव गौशाला में आयोजित हुई गोवर्धन पूजा का सीधा प्रसारण भी इस अवसर पर हुआ।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित हुए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार गौ संरक्षण व संवर्धन के लिये पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। इसी क्रम में सरकार ने गौसेवा, गौसंवर्धन एवं पशुपालकों के सम्मान का महापर्व “गोवर्धन पूजा” का भी आयोजन कराया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद बंदियों का भी आह्वान किया कि वे अपनी पिछली गलतियों को भुलाकर व उनका प्रायश्चित कर सदमार्ग पर आगे बढ़ें।

राज्य शासन द्वारा ग्वालियर जिले में गोवर्धन पूजा के मुख्य आयोजन के लिये ऊर्जा मंत्री तोमर को मुख्य अतिथि बनाया गया था। मंत्री तोमर के मुख्य आतिथ्य में केन्द्रीय जेल की गौशाला में आयोजित हुए कार्यक्रम में साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत समेत अन्य अधिकारीगण शामिल हुए।

राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत ग्वालियर जिले की अन्य गौशालाओं में भी सोमवार को गोवर्धन पूजा की गई। जिले के वृंदावन ग्रामों में आयोजित हुई “गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना” में चयनित उत्कृष्ट पशुपालकों को गोवर्धन पूजा के अवसर पर पुरस्कृत किया गया। बेहट स्थित तानसेन गौशाला में यह पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार के रूप में राज्य सरकार की ओर से एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये की राशि चयनित पशु पालकों को प्रदान की गई। जिले के विकासखंड घाटीगांव स्थित रानीघाटी गौशाला व जौरासी गौशाला सहित शासन से अनुदान प्राप्त अन्य गौशालाओं में भी गोवर्धन पूजा का पावन पर्व मनाया गया।

संभाग आयुक्त खत्री ने भी की गोवर्धन पूजा

संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने भी सोमवार को गोवर्धन पूजा की। उन्होंने भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना के साथ गाय माता का भी पूजन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774615 Articles

Share this story