ग्वालियरः जनसुनवाई ने खुलवाया ग्राम चंदेले का पुरा का आम रास्ता, ग्रामीणों ने जताया आभार
ग्वालियर, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है।
कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में ग्राम चंदेले का पुरा के ग्रामीणों द्वारा आम रास्ता बंद किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को मौके पर जाकर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए थे।
शिकायत में बताया गया था कि ग्राम तिलैथा जागीर स्थित सर्वे क्रमांक 12, 17/1, 18/1 एवं 18/2 से होकर गुजरने वाला प्रचलित आम रास्ता गौरव जैठवानी एवं रामनिवास गुर्जर द्वारा बंद कर दिया गया था। यह रास्ता ग्राम चंदेले का पुरा के ग्रामीण वर्षों से आवागमन के लिए उपयोग करते आ रहे थे, जिससे रास्ता बंद होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इस संबंध में संबंधित तहसील न्यायालय में विधिवत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके बाद मंगलवार को पुलिस बल एवं राजस्व अमले की उपस्थिति में मौके पर पहुंचकर आम रास्ता खुलवाया गया।
रास्ता खुलने से ग्राम चंदेले का पुरा के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है। अब ग्रामीण बिना किसी बाधा के आवागमन कर सकेंगे। समस्या के त्वरित समाधान पर ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना था कि सरकार ने जन-सुनवाई संचालित कर हम सबको बड़ा संबल दिया है।
कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में 134 आमजनों की समस्याओं की हुई सुनवाई
कलेक्ट्रेट में मंगलवार को हुई जन-सुनवाई में 134 आमजनों की समस्यायें सुनी गईं। अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत व एडीएम सीबी प्रसाद सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने एक – एक कर सभी आवेदकों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।
कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस इत्यादि से संबंधित समस्यायें प्राप्त हुईं। जमीन संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए गए हैं। नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को तत्परता से निराकृत करने की हिदायत भी नगर निगम के अधिकारियों को दी। जनसुनवाई में मदद की आस में पहुँचे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी कराया गया।
जन-सुनवाई में कुल 134 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 84 आवेदन दर्ज किए गए। साथ ही शेष 50 आवेदन विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकृत करने के लिये आवश्यक टीप के साथ दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

