ग्वालियरः अगले वित्तीय वर्ष के लिए 13,852.44 करोड़ रुपये की संभावित ऋण योजना

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः अगले वित्तीय वर्ष के लिए 13,852.44 करोड़ रुपये की संभावित ऋण योजना


- जिला स्तरीय बैंकर्स सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक में हुआ अनुमोदन

ग्वालियर, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में अप्रैल माह से शुरू होने जा रहे अगले वित्तीय वर्ष (2026-27) के लिये विभिन्न बैंकों के समन्वय से 13,852.44 करोड़ रुपये की जिले की संभावित ऋण योजना तैयार की गई है।

बुधवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला स्तरीय बैंकर्स सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक में इस ऋण योजना का अनुमोदन किया गया। अगले वित्तीय वर्ष की संभावित ऋण योजना वर्तमान में चल रहे वित्तीय वर्ष की तुलना में 10.44 प्रतिशत अधिक ऋण वितरण का प्रावधान किया गया है।

ज्ञात हो कि मौजूदा वित्तीय वर्ष की संभावित ऋण योजना 12,542.57 करोड़ रुपए की थी। नाबार्ड के जिला प्रबंधक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि अगले वर्ष की संभावित ऋण योजना में कृषि क्षेत्र के लिये 4,535.19 करोड़ रुपये के ऋण वितरण का प्रावधान किया गया है, जो पिछली योजना से 1.53 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा एमएसएमई क्षेत्र में 8,994.25 करोड़ रुपये का ऋण वितरण संभावित किया गया है जो पिछली योजना से 21.78 प्रतिशत अधिक है। इससे अगले वित्तीय वर्ष में औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्रों को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा। संभावित नई ऋण योजना में प्राथमिकता क्षेत्र अर्थात आवास इत्यादि के लिये 186 करोड़, शिक्षा के लिये 30 करोड़, नवकरणीय ऊर्जा के लिये 11.36 करोड़ एवं सामाजिक अवसंरचना के लिये 1.92 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने बैठक में मौजूद विभिन्न बैंकों के समन्वयकों एवं विभागीय अधिकारियों से कहा कि संभावित ऋण योजना के अनुसार हर सेक्टर में ऋण वितरण सुनिश्चित करें, जिससे जिले का समग्र एवं समावेशी विकास हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story