ग्वालियरः गूजरी महल संग्रहालय में सांस्कृतिक संपदा की अवैध तस्करी के विरुद्ध छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः गूजरी महल संग्रहालय में सांस्कृतिक संपदा की अवैध तस्करी के विरुद्ध छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित


- सात दिन तक निःशुल्क देख सकेंगे दर्शक, विद्यार्थियों को दिखाई गई भारत की समृद्ध ऐतिहासिक धरोहर

ग्वालियर, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और उनकी अवैध तस्करी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्रीय पुरातत्व संग्रहालय गूजरी महल में शनिवार को छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित की गई।

अंतरराष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी का विषय सांस्कृतिक संपदा की अवैध तस्करी के विरुद्ध रखा गया है। प्रदर्शनी आम नागरिकों के अवलोकन के लिए सात दिन तक निःशुल्क खुली रहेगी। प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. जितेन्द्र शर्मा, प्राचार्य पं. श्यामाचरण उपाध्याय कॉलेज, मुरैना तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. मनोज अवस्थी, विभागाध्यक्ष माधव महाविद्यालय, ग्वालियर और पी.सी. महोबिया, उपसंचालक, पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय, गूजरी महल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर उपसंचालक पी.सी. महोबिया ने बताया कि प्रदर्शनी में वर्षों के शोध, अथक मेहनत और संरक्षण के माध्यम से संजोई गई दुर्लभ ऐतिहासिक सामग्री को प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक संपदा के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा ऐतिहासिक धरोहरों की चोरी और अवैध तस्करी रोकने के लिए जनभागीदारी बढ़ाना है।

प्रदर्शनी भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा तैयार की गई है। कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर, बादलगढ़, ग्वालियर के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने भारत की प्राचीन ऐतिहासिक धरोहरों को नजदीक से देखा और उनके महत्व को समझा। प्रदर्शनी के माध्यम से छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story