ग्वालियरः कारगिल विजय दिवस पर विजयाराजे कन्या महाविद्यालय में देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः कारगिल विजय दिवस पर विजयाराजे कन्या महाविद्यालय में देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम आयोजित


ग्वालियर, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित विजयाराजे शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुरार में रविवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की छात्राओं द्वारा विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में देशभक्ति एवं जनजागरूकता रैली से हुआ। रैली के दौरान कैडेट्स ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और शहीदों का सम्मान, राष्ट्र का अभिमान जैसे उद्घोषों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता पूर्व एनसीसी अधिकारी मेजर राजवीर सिंह किरार ने कारगिल युद्ध की ऐतिहासिक विजय का उल्लेख किया। उन्होंने भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम पर प्रकाश डाला। साथ ही छात्राओं को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. मौसमी सिंह ने कहा कि देश के वीर शहीदों का बलिदान हमारी अमूल्य धरोहर है। इसे प्रत्येक युवा पीढ़ी को सदैव स्मरण रखना चाहिए। कार्यक्रम में एनसीसी एवं एनएसएस की छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि वीर सैनिकों का साहस, त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रहित एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

कार्यक्रम का संचालन एनसीसी की सीनियर अंडर ऑफिसर निकिता तोमर ने किया। कार्यक्रम का आयोजन एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. मौसमी सिंह, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संगीता सिंह एवं डॉ. इंदु गुप्ता के मार्गदर्शन में हुआ। समापन अवसर पर एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं प्राध्यापकों ने राष्ट्रीय हित एवं राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। अंत में सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story