ग्वालियरः पैरा आर्म रेसलर रोहित ने विश्व चैम्पियनशिप में दो कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः पैरा आर्म रेसलर रोहित ने विश्व चैम्पियनशिप में दो कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान


- कलेक्टर ने किया उत्साहवर्धन, हर संभव मदद का दिलाया भरोसा

भोपाल, 18 नवंबर (हि.स.)। दृढ़ इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और अटूट हौसले के दम पर मध्य प्रदेश के ग्वालियर के युवा पैरा आर्म रेसलर (पैरा पंजा कुश्ती खिलाड़ी) रोहित सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश, प्रदेश और ग्वालियर का मान व गौरव बढ़ाया है। जन्म से 80 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद रोहित ने नई दिल्ली में आयोजित 47वीं वर्ल्ड आर्म रेसलिंग एवं 28वीं वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप-2026 में 50 किलोग्राम भार वर्ग में दो कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने बुधवार को उनका उत्साहवर्धन किया और स्वरोजगार एवं सरकारी नौकरी दिलाने सहित हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। रोहित की बहन खुशी लहारिया ने भी विश्व आर्म रेसलर चैम्पियनशिप में हिस्सा लिया और चौथी रैंक प्राप्त की।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने दोनों भाई बहनों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही इनके माता-पिता को भी बधाई व शुभकामनायें दीं। ग्वालियर के पैरा आर्म रेसलर (पैरा पंजा कुश्ती खिलाड़ी) रोहित सिंह ने हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित 47वीं वर्ल्ड आर्म रेसलिंग एवं 28वीं वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप-2026 में रोहित ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में दो कांस्य पदक जीते। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 63 देशों के लगभग 1,800 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। रोहित सिंह जन्म से ही 80 प्रतिशत दिव्यांग हैं और सेरेब्रल पाल्सी (CP) श्रेणी में आते हैं। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर पैरा पंजा कुश्ती में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है। उनकी यह उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का उदाहरण है।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी हासिल की उल्लेखनीय सफलताएं

रोहित की उपलब्धियों में वर्ष 2025 में बुल्गारिया में आयोजित वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करना, ताशकंद (उज्बेकिस्तान) में आयोजित वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग कप में स्वर्ण पदक जीतना तथा दिल्ली में आयोजित एशियन आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक हासिल करना शामिल है। इसके अलावा, वर्ष 2026 में गुजरात में आयोजित नेशनल पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक तथा वर्ष 2025 में केरल में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी दो स्वर्ण पदक जीते। ग्वालियर में आयोजित ऑल इंडिया PAFI पैरा आर्म रेसलिंग कप-2025 में दो स्वर्ण पदक जीतने के साथ उन्हें 'चैंपियन ऑफ चैंपियंस कप' का खिताब भी मिला।

खिलाड़ी ने मार्गदर्शकों और प्रशिक्षकों के सहयोग को दिया सफलता का श्रेय

रोहित सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय पीपल आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (PAFI) की अध्यक्ष प्रीति झंगियानी, प्रो पंजा लीग के संस्थापक श्री परवीन डबास, PAFI के महासचिव एवं मध्य प्रदेश आर्म रेसलिंग एसोसिएशन, भोपाल से जुड़े श्री तारिक खान, मध्य प्रदेश आर्म रेसलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोहर सिंह शेखावत, ग्वालियर आर्म रेसलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष केशव पांड्या तथा PAFI के सचिव डॉ. प्रवीण सिंह जादौन के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया है। उन्होंने प्रशिक्षक मनीष कुमार, एशियन चैंपियन एवं प्रशिक्षक सचिन गोयल तथा प्रो पंजा लीग के ऑपरेशन मैनेजर प्रक्ष सिंह जादौन के विशेष मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story