ग्वालियरः जिले की जरूरतमंद महिलाएं “शक्ति दीदी” बनकर लिख रहीं महिला सशक्तिकरण की इबारत

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः जिले की जरूरतमंद महिलाएं “शक्ति दीदी” बनकर लिख रहीं महिला सशक्तिकरण की इबारत


- पांच और जरूरतमंद महिलायें बनी “शक्ति दीदी”

ग्वालियर, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में महिला सशक्तिकरण की नई इबारत लिखी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप हुए शक्ति दीदी नवाचार के तहत जरूरतमंद महिलाएँ पेट्रोल पंपो पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर का मोर्चा संभाल कर आत्मनिर्भर बन रहीं हैं।

इसी क्रम में शनिवार को पांच जरूरतमंद महिलायें “शक्ति दीदी” बनीं। जिले में अब तक 123 जरूरतमंद महिलाएं शक्ति दीदी नवाचार के माध्यम से आत्मनिर्भर हो चुकी हैं।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने शनिवार को कमलाराजा हॉस्पिटल के नजदीक स्थित जैन मोटर्स कम्पू पर हेमलता, ललिता व प्रियंका को शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने फूल माला पहनाकर शक्ति दीदियों का स्वागत किया। साथ ही शक्ति दीदी की जैकेट पहनाई।

इस अवसर पर कलेक्टर ने शक्ति दीदियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप सब आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करें। जिला प्रशासन व पुलिस आप सबकी मदद के लिये तत्पर है। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालक को भी निर्देश दिए कि शक्ति दीदियों को कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। इस मौके पर सहायक संचालक महिला बाल विकास श्री राहुल पाठक एवं सहायक जिला आपूर्ति अधिकारी श्री सौरभ जैन भी उपस्थित रहे।

इसी तरह गंगा फिलिंग स्टेशन वीरपुर पर अपर जिला दण्डाधिकारी सीबी प्रसाद ने आरती बघेल को एवं सिंहपुर रोड मुरार स्थित माँ पेट्रोलियम पर संयुक्त कलेक्टर जुही गर्ग ने मनीषा को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story