ग्वालियरः नशामुक्त अभियान के तहत हुई मिनी मैराथन दौड़
नशा व्यक्ति की सेहत के साथ परिवार व समाज को भी कमजोर करता है: मंत्री कुशवाह
ग्वालियर, 26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने मैराथन दौड़ को हरी झण्डी दिखाई।
यह मैराथन दौड़ महाराज बाड़ा से कटोरा ताल तक आयोजित की गई, जिसमें युवाओं, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों के वॉलंटियर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के शुभारंभ अवसर पर मंत्री कुशवाह ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज को भी कमजोर करता है। युवाओं को चाहिए कि वे नशे से दूर रहकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाएं।
मंत्री कुशवाह ने कहा कि सरकार द्वारा नशामुक्ति के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, परंतु इस अभियान की वास्तविक सफलता तभी संभव है जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जागरूकता रैलियां और मैराथन दौड़ युवाओं में ऊर्जा का संचार करती हैं और उन्हें स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं।
मैराथन दौड़ के दौरान प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं संयुक्त कलेक्टर विनोद सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर बताया गया कि नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत इसी कड़ी में आठ नशामुक्ति रथों को शहर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रवाना किया गया था। इन रथों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही, नुक्कड़ नाटक की टीमें भी विभिन्न स्थानों पर प्रस्तुतियां देकर लोगों को नशे से दूर रहने एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दे रही हैं। मैराथन के दौरान भी नशामुक्ति रथ साथ-साथ चले, जिनके माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। रथों पर प्रदर्शित संदेश एवं जिंगल्स ने आमजन का ध्यान आकर्षित किया।
इस दौड़ में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, माधव कॉलेज, रमन शिक्षा समिति एवं अहिंसा बाल कल्याण समिति के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में वॉलियंटर्स ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर संयुक्त कलेक्टर विनोद सिंह ने उपस्थित सभी नागरिकों को सामूहिक रूप से नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम ने एवं आभार पूर्वी अग्रवाल ने व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

