ग्वालियरः महिला पॉलीटेक्निक में प्रयोगशालाओं का होगा आधुनिकीकरण, छात्राओं को मिलेंगे स्मार्ट फर्नीचर

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः महिला पॉलीटेक्निक में प्रयोगशालाओं का होगा आधुनिकीकरण, छात्राओं को मिलेंगे स्मार्ट फर्नीचर


- जनभागीदारी समिति की बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 85.10 लाख रुपये से अधिक के बजट का अनुमोदन

ग्वालियर, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के पड़ाव स्थित शासकीय महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रयोगशालाओं का आधुनिकीकरण किया जाएगा तथा स्मार्ट फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही महाविद्यालय में रोजगारोन्मुखी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक संस्थानों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।

यह निर्णय बुधवार को आयोजित जनभागीदारी समिति की प्रबंध समिति एवं सामान्य परिषद की बैठक में लिए गए। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल ने की। बैठक में महाविद्यालय के विकास एवं छात्राओं की शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इस दौरान वर्ष 2026-27 के लिए 85 लाख 10 हजार 551 रुपये के बजट का अनुमोदन किया गया।

अनुमोदित बजट में महाविद्यालय के द्वितीय तल के विद्युतीकरण के लिए 17 लाख 2 हजार 110 रुपये, प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण के लिए 17 लाख 2 हजार 110 रुपये तथा छात्राओं के लिए स्मार्ट फर्नीचर उपलब्ध कराने हेतु 17 लाख 2 हजार 110 रुपये का प्रावधान स्वीकृत किया गया। बैठक में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के ऑडिट प्रतिवेदनों का भी अनुसमर्थन किया गया।

छात्राओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं प्लेसमेंट के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए औद्योगिक संस्थानों से संपर्क स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में बैठक में उपस्थित उद्योग प्रतिनिधि श्री जगदीश मित्तल ने सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं, छात्राओं को आधुनिक तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में दक्ष बनाने के लिए एआई विशेषज्ञों के व्याख्यान आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में डॉ. स्वाति गोस्वामी, डॉ. कल्पना अग्रवाल, श्रीमती ऋतुरानी श्रीवास्तव एवं श्री खेमेश प्रताप सिंह को कैरियर संवर्धन योजना के अंतर्गत लेवल-12 का लाभ देने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में विधायक प्रतिनिधि सुनीता तोमर, उद्योग प्रतिनिधि जगदीश मित्तल, अभिभावक प्रतिनिधि अजीत पाराशर एवं एस.एन. भटनागर, शिक्षक प्रतिनिधि डॉ. मधु एवं निर्मला मलानी, आरजीपीवी भोपाल के प्रतिनिधि मनोज कुमार सक्सेना तथा पूर्व छात्रा प्रतिनिधि पिंकी घुबकारिया एवं प्रतिभा दुबे उपस्थित रहीं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.ए. सिद्दीकी एवं प्रवर श्रेणी व्याख्याता अनूप पहारिया ने बैठक में प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न प्रस्तावों की जानकारी दी। अंत में जनभागीदारी प्रभारी राघवेन्द्र अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story