ग्वालियरः मंत्री कुशवाह ने किया अभिनव विद्या मंदिर विद्यालय में 10 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः मंत्री कुशवाह ने किया अभिनव विद्या मंदिर विद्यालय में 10 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण


- शिक्षा और संस्कारों से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव - मंत्री कुशवाह

ग्वालियर, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने शनिवार को ग्वालियर में माधोगंज स्थित श्री महारुद्र मण्डल समिति एवं अभिनव विद्या मंदिर विद्यालय में विधायक निधि से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन शिशु वाटिका, वाहन पार्किंग शेड, प्रसाधन सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, श्रेष्ठ संस्कार और बेहतर आधारभूत सुविधाएँ बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं तथा इन क्षेत्रों में निरंतर कार्य करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर दक्षिण क्षेत्र में शिक्षा एवं विकास से जुड़े कार्यों का निरंतर विस्तार करना हमारा संकल्प है। बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना समाज और शासन दोनों की साझा जिम्मेदारी है। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायी वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा को निखरने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने विद्यालय परिवार द्वारा शिक्षा एवं संस्कार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।

इस अवसर पर पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य भारत क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंदापुरकर, श्री महारुद्र मण्डल समिति के अध्यक्ष विवेक खेडकर, पार्षद अनिल साँखला एवं मोहित जाट, तथा अमर कुटे, यशवर्धन जैन, किरण कल्याणकर, डॉ. कमल भदौरिया, पप्पू वर्मा, मनोज भार्गव, गौरव वाजपेयी सहित विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story