ग्वालियरः नाले पर आरसीसी दीवार बनाकर किया गया अवैध कब्जा ध्वस्त

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः नाले पर आरसीसी दीवार बनाकर किया गया अवैध कब्जा ध्वस्त


ग्वालियर, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में सरकारी जमीन के साथ-साथ नालों पर किए गए अतिक्रमण भी जिला प्रशासन द्वारा अभियान बतौर हटाए जा रहे हैं। इस कड़ी में पटवारी हलका कोटा लश्कर के अंतर्गत जीडी एन्क्लेव कॉलोनी से होकर गुजर रहे नाले पर किए गए अतिक्रमण को गुरुवार को एसडीएम नरेन्द्र बाबू यादव के नेतृत्व में गई संयुक्त टीम द्वारा मशीनों की मदद से हटवाया गया।

एसडीएम नरेन्द्र बाबू यादव ने बताया कि जीडी एन्क्लेव के कोलोनाइजर सुनील तनेजा द्वारा इस क्षेत्र से होकर बह रहे नाले पर आरसीसी की दीवार बनाकर अवैध अतिक्रमण कर लिया था। जिसे गुरुवार को मशीनों की मदद से ध्वस्त कराकर नाले का बहाव पूर्ववत बहाल करा दिया गया है। साथ ही बाउण्ड्रीवॉल भी हटवा दी गई है।

तहसीलदार लश्कर द्वारा भू-राजस्व संहिता के प्रावधानों के अंतर्गत विधिवत नोटिस जारी कर नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिये आदेश जारी किया गया था। निर्धारित अवधि में इस आदेश का पालन न किए जाने पर गुरुवार को मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई को एसडीएम नरेन्द्र बाबू यादव के नेतृत्व में तहसीलदार मनीष जैन व नगर निगम के जेडओ प्रकाश परिहार सहित राजस्व निरीक्षक, संबंधित पटवारी व नगर निगम के मदाखलत दस्ते ने मशीनों की मदद से अंजाम दिया।

ज्ञात हो राज्य शासन ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नदी-नालों व शहर की जल निकास प्रणाली पर किए गए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। इस परिपालन में जिला प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई की गई है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि नालों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story