ग्वालियरः दो दिन लगी एचआरपी क्लीनिक में 1045 महिलाओं की हुई जांच, 432 निकलीं हाईरिस्क गर्भवती

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः दो दिन लगी एचआरपी क्लीनिक में 1045 महिलाओं की हुई जांच, 432 निकलीं हाईरिस्क गर्भवती


ग्वालियर, 26 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में इस बार दो दिन 25 व 26 फरवरी को 31 सरकारी अस्पतालों में एच आर पी क्लीनिक लगाई गईं। इन एचआरपी क्लीनिक में 1045 गर्भवती माताओं की जाँच की गई। इनमें से 432 महिलाओं को हाई रिस्क (अधिक जोखिम) गर्भवती माताओं के रूप में चिन्हित किया गया।

इन महिलाओं को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत दवाएँ व उपचार उपलब्ध कराया गया। कलेक्टर रुचिका चौहान ने चिन्हित हाई रिस्क गर्भवती माताओं का प्रसव होने तक लगातार फोलोअप कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत हर माह की 9 व 25 तारीख की चिन्हित स्वास्थ्य संस्थाओं में एचआरपी क्लीनिक लगाकर हाईरिस्क गर्भवती माताओं की जांच की जाती है। ग्वालियर जिले में राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान के निर्देशन में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सुव्यवस्थित ढंग से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत हाईरिस्क गर्भवती माताओं के चिन्हांकन व जांच के साथ-साथ उन्हें जरूरी स्वास्थ्य सेवायें मुहैया कराई जा रही हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सचिन श्रीवास्तव व जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपाली माथुर ने बताया कि 25 व 26 फरवरी को लगाई गई एचआरपी क्लीनिक में 1045 गर्भवती महिलाओं की जाँच की गई। जिसमें आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क सोनोग्राफी, हीमोग्लोवबिन सहित खून की अन्य जांचे और यूरिन की जांच शामिल हैं। जाँच में 432 महिलायें हाईरिस्क गर्भवती पाई गई हैं। इनमें से 14 महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही 216 महिलाओं की अल्ट्रासोनोग्राफी जांच की गई। साथ ही 69 महिलाओं को आयरन सुक्रोज दिया गया। एचआरपी क्लीनिक में आईं महिलाओं को फल और पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराया गया।

इन संस्थाओं में लगाई गईं एचआरपी क्लीनिक

जिला चिकित्सालय मुरार, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हस्तिनापुर, भितरवार, मोहना, डबरा व दीनदयालनगर शामिल हैं। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र उटीला, चीनौर, वीरपुर, आंतरी व कुलैथ, प्रसूति गृह माधौगंज व बिरलानगर, यूपीएचसी लक्ष्मीगंज, हुरावली, पंतनगर, निम्माजी की खो, ठाठीपुर, बहोड़ापुर, सिविल हॉस्पिटल हजीरा, सिविल डिस्पेंसरी जनकगंज, पीएचसी पिछोर, एमएमएचसी सागरताल, राजा की मंडी, तृप्तिनगर, मेहरा कॉलोनी व तुरारी इत्यादि शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story