ग्वालियरः 02 सितम्बर को बलराम जयंती के उपलक्ष्य में होगा भव्य आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः 02 सितम्बर को बलराम जयंती के उपलक्ष्य में होगा भव्य आयोजन


ग्वालियरः 02 सितम्बर को बलराम जयंती के उपलक्ष्य में होगा भव्य आयोजन


- जिला पंचायत सीईओ ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में की तैयारियों की समीक्षा

ग्वालियर, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में 2 सितम्बर को बलराम जयंती के उपलक्ष्य में किसानों का भव्य समारोह आयोजित होने जा रहा है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने सोमवार को अंतरविभागीय समन्वय बैठक में आयोजन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष सभी तैयारियां जल्द से जल्द पूर्ण करें। विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से ऐसी व्यवस्था बनाएं, जिससे किसान एवं हितग्राही सुविधाजनक तरीके से निर्धारित सेक्टर तक पहुँच सकें। साथ ही हर सेक्टर में पेयजल की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करें। बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी व अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

कार्यक्रम स्थल पर आयुष्मान कार्ड व आधार कार्ड बनाने के लिये पृथक से काउण्टर लगाने के निर्देश भी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि सम्मेलन का लाभ उठाकर विभिन्न स्वरोजगारमूलक योजनाओं के तहत हितग्राहियों के आवेदन भी शिविर में भरवाए जाएं। मेला मैदान में 2 सितम्बर को आयोजित होने जा रहे बलराम जयंती महोत्सव एवं किसान समागम में शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित कृषि, सहकारिता एवं खेती किसानी से जुड़े विभागों की प्रदर्शनी भी लगेंगीं। जिला पंचायत सीईओ ने निर्देश दिए कि प्रदर्शनी सेक्टर को इस प्रकार से अंतिम रूप दें, जिससे कृषकगण आसानी से प्रदर्शनी देखने पहुँच सकें।

बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होने जा रहे बलराम जयंती महोत्सव में ऑनलाइन किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल का शुभारंभ, शून्य प्रतिशत ब्याज योजना के सरलीकरण, कृषक कवच योजना एवं प्रदेश में नवीन पंजीकृत लगभग 200 प्राथमिक कृषि सहकारी संस्थाओं के कार्यालयों का शुभारंभ प्रस्तावित है। इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा नवीन सदस्यों को अंशपूंजी प्रमाण-पत्र वितरण, प्रदेश के उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंकों को प्रमाण-पत्र एवं गौ-संवर्धन, जैविक व उद्यानिकी खेती कर रहे उन्नत कृषकों का सम्मान भी प्रस्तावित है।

गौवंश को लंपी वायरस से बचाने के लिये प्रभावी कदम उठाएं

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने उप संचालक पशु चिकित्सा को बैठक में निर्देश दिए कि लंपी वायरस से गौवंश को बचाने के लिये प्रभावी कदम उठाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि इसके लिये टीकाकरण के साथ-साथ जिन गायों में लंपी वायरस संक्रमण के लक्षण पाए हैं उन्हें अलग कर उचित स्थान पर रखें। जिला पंचायत सीईओ ने विभागीय अमले के माध्यम से इस कार्य को पूरी गंभीरता के साथ अंजाम देने के निर्देश दिए।

बलराम जयंती महोत्सव एवं सहकारी किसान समागम की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करें - संभाग आयुक्त

संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने सोमवार को बलराम जयंती महोत्सव एवं सहकारी किसान समागम के आयोजन के संबंध में विभागीय अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि कार्यक्रम पूर्ण गरिमा और भव्यता के साथ आयोजित किया जाए। कार्यक्रम में आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल एवं पार्किंग आदि की व्यवस्थायें भी सुनिश्चित की जाएं।

संभागीय आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 2 सितम्बर को ग्वालियर में आयोजित प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, एडिशनल एसपी सुजावल जग्गा, एसडीएम अतुल सिंह, नरेन्द्र बाबू यादव, नरेशचंद गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने कहा कि बलराम जयंती महोत्सव एवं सहकारी किसान समागम में आने वाले ग्वालियर एवं अन्य जिलों के किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, उनके वाहनों के लिये व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही कार्यक्रम के लिये एक कंट्रोल रूम भी गठित किया जाए, जिसके माध्यम से कार्यक्रम में आने वाले किसानों को सभी सुविधाओं और आवागमन, पार्किंग के संबंध में सभी प्रकार की जानकारी प्रदान की जा सके।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान शहर के यातायात प्रबंधन को भी व्यवस्थित रखा जाए। इसके लिये यातायात पुलिस के माध्यम से समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से नागरिकों को भी जानकारी प्रदान की जाए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने ग्वालियर में 2 सितम्बर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा के लिये प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने भी नगर निगम के माध्यम से कार्यक्रम के संबंध में की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। यातायात पुलिस के माध्यम से भी यातायात प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story