ग्वालियरः केदारपुर में दो स्थानों पर जिला प्रशासन ने 4.88 करोड़ रुपये की शासकीय भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त
ग्वालियर, 02 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में अतिक्रमण हटाने की मुहिम के क्रम में सोमवार को जिला प्रशासन की टीम ने ग्राम केदारपुर में दो स्थानों पर कार्रवाई कर 14 विश्वा बेशकीमती सरकारी जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई। मुक्त कराई गई भूमि की कुल अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 88 लाख रुपये अनुमानित है।
कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह ने बताया कि ग्राम केदारपुर स्थित शासकीय सर्वे क्रमांक 461 की लगभग 5000 वर्गफीट भूमि पर संदीप शर्मा द्वारा सीमेंटेड बाउंड्री एवं पिलर बनाकर अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा था। प्रशासन ने मशीनों की सहायता से अतिक्रमण हटवाया। इस भूमि की अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 78 लाख रुपये है।
इसी प्रकार सर्वे क्रमांक 272/2 की शासकीय भूमि पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा गेट, बाउंड्री एवं अस्थायी गोदाम बनाकर किए गए अतिक्रमण को भी ध्वस्त किया गया। इस भूमि की अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 10 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह, अपर तहसीलदार शिवदत्त कटारे सहित अन्य राजस्व अधिकारी, पुलिस बल एवं नगर निगम का अमला मौके पर मौजूद रहा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

