ग्वालियर को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बीएसएफ म्यूजियम, पर्यटन को लगेंगे नए पंख

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियर को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बीएसएफ म्यूजियम, पर्यटन को लगेंगे नए पंख


- मध्य प्रदेश शासन ने स्वीकृत किये 9.99 करोड़, टेकनपुर में होगा विश्वस्तरीय उन्नयन

ग्वालियर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में देश की प्रथम रक्षा पंक्ति - सीमा सुरक्षा बल के शौर्य और गौरव की गाथा को अब आमजन और भी करीब से अनुभव कर सकेंगे। ग्वालियर जिले के टेकनपुर स्थित सीमा सुरक्षा बल अकादमी के म्यूजियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि सीमा सुरक्षा बल अकादमी टेकनपुर, जिला प्रशासन ग्वालियर तथा मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के मध्य एक महत्वपूर्ण एमओए किया गया है। इस त्रिपक्षीय समझौते के अंतर्गत मप्र राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा बीएसएफ के वर्तमान म्यूजियम का भव्य उन्नयन कार्य कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य ऑडियो/विजुअल और इमर्सिव तकनीक के माध्यम से नागरिकों को बीएसएफ के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्र की रक्षा में उसके योगदान और जवानों के अदम्य साहस का जीवंत अनुभव कराना है, ताकि युवाओं एवं आम लोगों में सीमा सुरक्षा बल के प्रति रुझान और सम्मान जागृत हो सके। इसके लिए प्रदेश राज्य शासन द्वारा 9.99 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

म्यूजियम में होंगे ये अत्याधुनिक कार्य :-

1. वर्तमान म्यूजियम के सिविल कार्यों का सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण।

2. अत्याधुनिक HVAC सिस्टम की स्थापना।

3. म्यूजियम परिसर में स्थित हवाई जहाज का उन्नयन।

4. विद्युतीकरण एवं आकर्षक लाइटिंग के कार्य।

5. वर्चुअल रियलिटी पर आधारित इमर्सिव अनुभव जोन का निर्माण।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने से ग्वालियर अंचल में पर्यटन को नई गति मिलेगी और टेकनपुर बीएसएफ म्यूजियम प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story