ग्वालियरः चार और जरूरतमंद महिलाएं बनीं ‘शक्ति दीदी’, थामा आत्मनिर्भरता का हाथ

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः चार और जरूरतमंद महिलाएं बनीं ‘शक्ति दीदी’, थामा आत्मनिर्भरता का हाथ


- जिले में अब 136 महिलाएं पेट्रोल पंपों पर संभाल रहीं फ्यूल डिलीवरी वर्कर की जिम्मेदारी

ग्वालियर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में ‘शक्ति दीदी’ के रूप में हुआ नवाचार महिला सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल बन गया है। शनिवार को जिले की चार और जरूरतमंद महिलाएं शक्ति दीदी बनीं। जिले में अब 136 महिलाएं सफलतापूर्वक शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलीवरी वर्कर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कलेक्टर रुचिका चौहान ने शक्ति दीदी नवाचार किया है। यह नवाचार जरूरतमंद महिलाओं को केवल रोजगार देने के लिए ही नहीं, उन्हें समाज में सम्मान के साथ अपने पैरों पर खड़ा करने के उद्देश्य से किया गया है।

‘शक्ति दीदी’ बनकर महिलाएं स्वयं की पहचान तो बना ही रही हैं, साथ ही परिवार की आर्थिक मजबूती में भी सहभागी बनीं हैं। कलेक्टर रुचिका चौहान सहित अन्य अधिकारियों ने शनिवार को विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुँचकर चार महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी दिलाई। कलेक्टर ने श्री हरीलीला सर्विसेज पेट्रोल पंप लक्ष्मीगंज पर बेबी व सुषमा को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपी। इसी तरह संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल इन्द्रप्रस्थ फिलिंग स्टेशन गोले का मंदिर पर दीपांजलि एवं संयुक्त कलेक्टर सुरेश कुमार बरहादिया जयभारत पेट्रोलियम चंद्रबदनी नाका पर ममता शाक्य को शक्ति दीदी का दायित्व सौंपा।

ग्वालियर जिले में कभी रोजगार की तलाश में घर की चौखट तक सीमित रहने वाली अपनों से उपेक्षित और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की जरूरतमंद महिलाएं पेट्रोल पंपों पर सफलतापूर्वक फ्यूल डिलेवरी की जिम्मेदारी संभाल रहीं हैं। इन महिलाओं के हाथ सिर्फ वाहनों में ईंधन ही नहीं भर रहे, बल्कि मान-सम्मान व आत्मविश्वास के साथ अपने और परिवारजनों के जीवन में सम्मान और आत्मनिर्भरता की नई ऊर्जा भी भर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story