ग्वालियरः जिले की पांच जरूरतमंद महिलाएं आज बनेंगी “शक्ति दीदी”
- जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वर्तमान में 118 शक्ति दीदियां कर रही हैं काम
ग्वालियर, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में आज शनिवार को पांच और जरूरतमंद महिलाएं शक्ति दीदी बनेंगीं। जिले में वर्तमान में 118 जरूरतमंद महिलाएं फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में शक्ति दीदी की भूमिका का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं।
दरअसल, जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कलेक्टर रुचिका चौहान की पहल पर हुए शक्ति दीदी नवाचार के माध्यम से जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इस नवाचार के तहत जरूरतमंद महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर की नौकरी दिलाई जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि कलेक्टर रुचिका चौहान सहित वरिष्ठ अधिकारी आज विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुँचकर महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी दिलाएंगे। कलेक्टर दोपहर 12 बजे कमलाराजा हॉस्पिटल के सामने स्थित जैन मोटर्स कम्पू पर हेमलता, ललिता व प्रियंका को शक्ति दीदी बनायेंगीं। इसी तरह अपर जिला दण्डाधिकारी सीबी प्रसाद गंगा फिलिंग स्टेशन वीरपुर पर आरती बघेल को एवं संयुक्त कलेक्टर जुही गर्ग सिंहपुर रोड मुरार स्थित माँ पेट्रोलियम पर मनीषा को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

