ग्वालियरः जिले में ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ के तहत 7 अगस्त को घाटीगांव में लगेगा पहला शिविर
- अंतरविभागीय समन्वय बैठक में कलेक्टर ने की शिविर की तैयारियों की समीक्षा
ग्वालियर, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत पहला जिला स्तरीय शिविर शुक्रवार 7 अगस्त को घाटीगांव विकासखंड में आयोजित होगा। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सोमवार को अंतरविभागीय समन्वय बैठक में शिविर की तैयारियों की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर के आयोजन से पहले सभी विभागों के खण्ड स्तरीय अधिकारी गाँव-गाँव जाकर सरकार की मंशा के अनुरूप लोगों को शिविर के बारे में जानकारी दें। साथ ही समस्यायें चिन्हित कर उनके निराकरण की रूपरेखा तैयार करें। बैठक में बताया गया कि इस अभियान को प्रभावी ढंग से मूर्तरूप देने के लिये हर गांव में विभिन्न विभागों के ग्राम स्तरीय शासकीय सेवकों को शामिल कर “ग्राम जन-विश्वास दल” गठित किया जायेगा।
सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 7 अगस्त से 8 जनवरी 2027 तक हर शुक्रवार को “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत शिविर लगाए जाने हैं। उन्होंने कहा शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरता से गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें। प्राप्त सभी आवेदनों को सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर अपलोड कर नियमित मॉनीटरिंग की जायेगी।
कलेक्टर ने कहा कि सीएम हैल्पलाइन व जन-सुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निराकरण शिविर से पहले किया जाए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, अपर कलेक्टर सी बी प्रसाद व अनिल बनवारिया सहित जिले के एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
शिविर में दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाने के लिये बैठेगा मेडीकल बोर्ड
कलेक्टर रुचिका चौहान ने निर्देश दिए कि “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत लगने जा रहे शिविरों के साथ स्वास्थ्य शिविर, ई-केवायसी शिविर व आयुष्मान कार्ड शिविर भी लगाए जाएं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिविर में मेडीकल बोर्ड भी बिठाएं। साथ ही बोर्ड के माध्यम से मौके पर ही दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए जाएं। साथ ही चिन्हित एनसीडी मरीजों को दवायें उपलब्ध कराई जाएं। टीबी जाँच की व्यवस्था भी इन शिविरों में खासतौर पर रहे। कलेक्टर ने सड़क निर्माण विभाग से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन-विश्वास अभियान के दौरान अभियान बतौर सड़कों का पेच वर्क कराया जाए। साथ ही पूर्व से चिन्हित ब्लैक स्पॉट के अलावा अन्य ब्लैक स्पॉट चिन्हित करें और आवश्यक कार्य कराकर उन स्पॉट को दुर्घटना फ्री बनाएं।
शिविर में उपलब्ध कराई जायेंगीं महत्वपूर्ण सेवायें
जिले में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत सरकार की महत्वपूर्ण सेवायें जरूरतमंदों को उपलब्ध कराई जायेंगीं, साथ ही इनकी समीक्षा भी होगी। इन सेवाओं में सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई की लंबित शिकायतें, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरण, अविवादित नामांतरण, सीमांकन व बंटवारा, न्यायालयीन आदेशों का पालन, किसान फार्मर आईडी निर्माण, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी की ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आंगनवाड़ी सेवाओं, स्वास्थ्य सेवायें, खाद-बीज उपलब्धता व सार्वजनिक वितरण प्रणाली सहित अन्य शासकीय सेवायें शामिल हैं।
शासकीय संस्थानों और सार्वजनिक परिसंपत्तियों का होगा निरीक्षण
कलेक्टर रुचिका चौहान ने अभियान के दौरान सड़कों, तालाबों, अमृत सरोवरों, बांधों, जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित संरचनाओं, शासकीय भवनों तथा अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही आईटीआई, मेडिकल कॉलेज, प्राथमिक सहकारी समितियों, तहसीलों, कृषि उपज मंडियों, मदिरा दुकानों, पुलिस थानों, लोक सेवा केन्द्रों, शासकीय देवस्थानों एवं औद्योगिक क्षेत्रों सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण करने के लिये कहा। खाद-बीज विक्रेताओं, गैस गोदामों, पेट्रोल पम्पों, विस्फोटक एवं पटाखा लाइसेंसधारियों, अधिकृत शस्त्र विक्रेताओं तथा विद्यालयों का भी निरीक्षण करने के उन्होंने निर्देश दिए।
यह भी निर्देश दिए गए
अंतरविभागीय समन्वय बैठक में पशुपालन एवं श्रम विभाग की योजनाओं की समीक्षा भी की गई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने उप संचालक पशुपालन को दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के तीसरे चरण को गंभीरता से मूर्तरूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं से जोड़ें। अर्थात उनका पंजीयन अनिवार्यत: कराया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

