ग्वालियरः सुचारू पेयजल आपूर्ति में कोई ढिलाई न हो, युद्ध स्तर पर कराएं पेयजल स्रोतों का संधारण

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः सुचारू पेयजल आपूर्ति में कोई ढिलाई न हो, युद्ध स्तर पर कराएं पेयजल स्रोतों का संधारण


- कलेक्टर ने की शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था की समीक्षा, कहा- बिल जमा न होने की वजह से कदापि न काटें नल कनेक्शन

ग्वालियर, 24 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में ग्रीष्म ऋतु के दौरान शहरी व ग्रामीण अंचल में पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिये सभी संबंधित अधिकारी 24 घंटे सजग रहकर काम करें। हैंडपंपों सहित अन्य पेयजल स्त्रोतों के संधारण का कार्य युद्ध स्तर पर कराएं। इसमें कोई ढ़िलाई न हो।

यह निर्देश कलेक्टर रुचिका चौहान ने रविवार को बैठक लेकर पेयजल व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को दिए। साथ ही मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों का हवाला देते हुए विशेष जोर देकर विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को आगाह किया कि गर्मी के मौसम में भले ही नल-जल योजनाओं व पेयजल स्त्रोतों का बिल जमा न हो, उनका कनेक्शन न काटा जाए।

कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी खराब हैंडपंप दुरुस्त किए जाएं उनके फोटोग्राफ पंचनामा सहित भेजें। साथ ही हैंडपंप सहित पेयजल स्त्रोतों का जल्द से जल्द संधारण सुनिश्चित करने के लिये हैंडपंप मैकेनिकों के मोबाइल फोन नम्बर सहित सूची तैयार करें, जिससे जरूरत पड़ने पर हैंडपंप संधारण करने के लिये संबंधित क्षेत्र के मैकेनिक को तत्काल भेजा जा सके। उन्होंने हैंडपंप संधारण की समय-सीमा निर्धारित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि नगर निगम सहित जिले के सभी नगरीय निकायों व जनपद पंचायतों में पेयजल कंट्रोल रूम सक्रिय रखें। कंट्रोल रूम में प्राप्त पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों सहित जनप्रतिनिधियों, संचार माध्यमों एवं आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का तत्परता से निराकरण किया जाए। इसमें कोई ढ़िलाई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। रविवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई बैठक में नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत, अपर आयुक्त नगर निगम प्रदीप तोमर एवं पीएचई के अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story