ग्वालियरः राखी के धागों से जुड़ा सीआरपीएफ जवानों और बेटियों का भावनात्मक रिश्ता

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः राखी के धागों से जुड़ा सीआरपीएफ जवानों और बेटियों का भावनात्मक रिश्ता


- केन्द्रीय रिजर्व बल के प्रशिक्षण केन्द्र में मना रक्षाबंधन, सेंट्रल स्कूल की छात्राओं-शिक्षिकाओं ने जवानों को बांधी राखी

ग्वालियर, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में गुरुवार को रक्षाबंधन का पर्व उस समय भावनाओं से सराबोर हो गया, जब केंद्रीय विद्यालय ग्वालियर की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के केन्द्रीय प्रशिक्षण केन्द्र में पहुंचकर अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर स्नेह और विश्वास की राखी बांधी।

देश की सुरक्षा में अपने परिवार से दूर रहने वाले जवानों के लिए यह आयोजन अपनत्व और पारिवारिक भावनाओं से जोड़ने वाला विशेष अवसर बन गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन के पर्व पर सीआरपीएफ के जवान देश की आंतरिक सुरक्षा के दायित्व के कारण अक्सर अपने परिवार से दूर रहते हैं।

ऐसे में केंद्रीय विद्यालय की बेटियों का यहां आकर जवानों को राखी बांधना उनके लिए अपने परिवार और बहनों की कमी को कुछ हद तक दूर करने वाला भावनात्मक क्षण है। उन्होंने कहा कि राखी का यह पवित्र धागा केवल एक पर्व की परंपरा नहीं, बल्कि विश्वास, स्नेह और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने रोली-चंदन के टीके लगाकर सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावनाओं को साकार किया।

राखी बंधवाने के बाद जवानों ने भी छात्राओं की सुरक्षा एवं सदैव उनके साथ खड़े रहने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं जवानों ने छात्राओं और शिक्षिकाओं को उपहार भेंट कर उनके प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया। साथ ही सभी छात्राओं का मुँह मीठा भी कराया।

कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पर्व को भाई-बहन के रिश्ते के साथ-साथ समाज और राष्ट्र की सुरक्षा में जुटे जवानों तथा नई पीढ़ी के बीच स्नेह, विश्वास और आत्मीयता के मजबूत बंधन के रूप में यादगार बना दिया। कार्यक्रम में महानिरीक्षक अनिल कुमार सिंह एवं उप कमांडेंट श्रमन चतुर्वेदी, उप कमांडेंट रिषि कुमार, सहायक कमांडेंट सर्बजीत सिंह सहित सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story