ग्वालियरः जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया राखी मेले का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया राखी मेले का शुभारंभ


- स्व-सहायता समूहों की दीदियां आकर्षक राखियों सहित लेकर आईं हैं एक से बढ़कर एक उत्पाद

ग्वालियर, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संभागीय ग्रामीण हाट बाजार में राखी मेले का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव एवं जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत ने इस मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला पंचायत की उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह भी मौजूद थीं।

राखी मेले में जिले की स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार की गई राखियां एवं अन्य जनउपयोगी वस्तुएं नागरिकों को किफायती दाम पर उपलब्ध कराई जा रही है।

जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव ने स्व्-सहायता समूहों की दीदियों से समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्वालियर जिले में स्व-सहायता समूह की दीदियां बहुत ही अनुकरणीय कार्य कर रही हैं। इस प्रकार के मेलों से स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्रोत्साहन मिलता है और लोगों को अच्छे उत्पाद भी प्राप्त होते हैं।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने कहा कि जिले में स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने के लिये विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को न केवल जिले में बल्कि प्रदेश स्तर पर भी सराहा गया है। राखी मेले का आयोजन भी महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिये किया गया है।

राखी मेले में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों से जुड़ीं दीदियों द्वारा बनाए गए एक से बढ़कर एक उत्पाद प्रदर्शन व बिक्री के लिये सजाए गए हैं। राखी मेले में आकर्षक व रंग-बिरंगी राखियों के साथ-साथ लेडीज पर्स, रेडीमेड वस्त्र, दाल, दलिया, चावल, मसाले, शहद, सरसों, नारियल व बादाम के तेल, वर्मी कम्पोस्ट, टैडीवियर, नमकीन, अचार, जैविक खाद, रुई बाती, मोती माला व झाडू इत्यादि उपलब्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story