ग्वालियरः जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और पीएम आवासों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और पीएम आवासों का किया निरीक्षण


ग्वालियरः जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और पीएम आवासों का किया निरीक्षण


- सहरिया बच्चों को स्कूल भेजने के लिए अभिभावकों को किया प्रेरित

ग्वालियर, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के ग्रामीण अंचल में संचालित शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने शुक्रवार को जनपद पंचायत घाटीगांव के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान रावत ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र सिमरिया टांका पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल सिमरिया टांका, शासकीय माध्यमिक विद्यालय जखा, शासकीय माध्यमिक विद्यालय इमलिया तथा ठाठी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने स्कूली बच्चों से संवाद कर पढ़ाई से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त की।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्राम जखा एवं जनजाति बहुल ग्राम इमलिया टोला में निर्माणाधीन एवं पूर्ण आवासों का निरीक्षण भी उन्होंने किया। इस दौरान हितग्राहियों से चर्चा कर योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान सिमरिया टांका ग्राम पंचायत से जुड़े ठाठी मार्ग का भी अवलोकन किया गया। ग्रामीणों की आवश्यकता को देखते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सड़क निर्माण के लिए शीघ्र एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश सहायक यंत्री को दिए, ताकि प्रस्तावित कार्य को आगे बढ़ाया जा सके।

ठाठी गांव के प्राथमिक विद्यालय निरीक्षण के दौरान सहरिया जनजाति के ऐसे बच्चों के चिन्हित होने पर, जो नियमित रूप से विद्यालय नहीं जा रहे थे, रावत ने उनके अभिभावकों से चर्चा की। उन्होंने बच्चों की शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना अधिकारी प्रधानमंत्री आवास योजना, जनपद पंचायत घाटीगांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री, ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

भितरवार क्षेत्र के राजस्व कार्यालयों का एडीएम ने किया औचक निरीक्षण

वहीं, जिले के अधीनस्थ राजस्व न्यायालयों एवं कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के उद्देश्य से कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार राजस्व कार्यालयों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में अपर जिला दण्डाधिकारी सीबी प्रसाद ने शुक्रवार को राजस्व अनुविभाग भितरवार के अंतर्गत विभिन्न राजस्व कार्यालयों एवं न्यायालयों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिला दण्डाधिकारी प्रसाद ने तहसील कार्यालय भितरवार, सांखनी वृत्त न्यायालय तथा तहसील न्यायालय चीनौर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वर्षा ऋतु के मद्देनज़र राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तहसील कार्यालयों में उपलब्ध एसडीआरएफ के उपकरणों का भी निरीक्षण किया और उनकी उपयोगिता की जानकारी प्राप्त की।

प्रसाद ने तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरणों को समयबद्ध रूप से आरसीएमएस (RCMS) पोर्टल पर दर्ज कर उनका त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि तहसीलों में अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आने वाले ग्रामीणजनों से संवेदनशील एवं सकारात्मक व्यवहार किया जाए, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर राज्य शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story