ग्वालियरः डायल 112 की त्वरित कार्रवाई से बची युवती की जान, समय रहते टली बड़ी अनहोनी

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः डायल 112 की त्वरित कार्रवाई से बची युवती की जान, समय रहते टली बड़ी अनहोनी


भोपाल, 23 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के थाना बहोड़ापुर क्षेत्र में डायल-112 जवानों एवं स्थानीय पुलिस की त्वरित, साहसिक और संवेदनशील कार्यवाही ने एक युवती की जान बचाकर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल प्रस्तुत की। कमरे में बंद युवती के साथ अनहोनी की आशंका के बीच तत्परता, सूझबूझ और साहस के साथ पुलिस ने स्थिति को संभाला।

पुलिस मुख्यालय द्वारा सोमवार को जानकारी दी गई कि थाना बहोड़ापुर क्षेत्र अंतर्गत सदाशिव नगर में परिजनों द्वारा डायल- 112 पर सूचना दी गई कि एक युवती कमरे में अंदर से बंद है और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही है, जिससे किसी अनहोनी की आशंका प्रतीत हो रही है। सूचना मिलते ही डायल-112 को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। साथ ही थाना बहोड़ापुर के प्रभारी आलोक परिहार भी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।

मौके पर पहुँचकर पुलिस टीम ने युवती को आवाज देकर दरवाजा खोलने का कहा, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने खिड़की से झांककर देखा, जहाँ युवती फांसी के फंदे पर लटकी हुई दिखाई दी। एक क्षण की भी देरी किए बिना पुलिस ने परिजनों की सहायता से तत्काल दरवाजा तोड़ा और साहसिक कार्यवाही करते हुए फंदा काटकर युवती को नीचे उतारा। उस समय युवती बेहोश अवस्था में थी।

पुलिस द्वारा बिना समय गंवाए युवती को तत्काल उपचार हेतु जयारोग्य अस्पताल, ग्वालियर पहुँचाया गया। समय पर की गई इस संवेदनशील और साहसिक कार्यवाही से एक अनमोल जीवन सुरक्षित हो सका। डायल 112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह प्रेरणादायक घटना यह दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस हर संकट की घड़ी में आमजन की सुरक्षा, जीवन रक्षा और मानवीय सेवा के लिए सदैव तत्पर, सजग और समर्पित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story